नगर निगम मुख्यालय में जन सूचना कार्यालय के दरवाजे पर ब्लैक फिल्म देख भड़के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, तुरंत हटाने के दिए निर्देश

-नगर निगम मुख्यालय में विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया औचक निरीक्षण
-ब्लैक फिल्म और अनावश्यक पोस्टर हटाने के अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निगम मुख्यालय के सभी तलों पर जाकर कार्यस्थलों की साफ-सफाई, अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्यालयों में चल रहे कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान ग्राउंड फ्लोर पर स्थित जन सूचना कार्यालय के दरवाजे के शीशे पर ब्लैक फिल्म लगी होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कार्यालय में ब्लैक फिल्म लगाना पूरी तरह से वर्जित है, क्योंकि इससे पारदर्शिता प्रभावित होती है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निगम मुख्यालय के साथ-साथ सभी जोनल कार्यालयों और अन्य कार्यस्थलों पर भी यदि कहीं अनावश्यक रूप से ब्लैक फिल्म लगी है तो उसे तुरंत हटाया जाए।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और प्रभारी नजारत डॉ. अनुज कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने उन्हें निर्देश दिया कि निगम के सभी कार्यालयों में लगे अनावश्यक पोस्टर और ब्लैक फिल्म को तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यालयों में पारदर्शिता और अनुशासन बना रहे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम जन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। ऐसे में यह जरूरी है कि निगम में आने वाले नागरिकों को उनके द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों और शिकायतों पर हो रही कार्रवाई की स्पष्ट और सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जन सूचना से जुड़े कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही को विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए। नगर आयुक्त ने निगम मुख्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए सभी तलों का जायजा लिया। इस दौरान सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित मिले और कार्यालयों में कार्य सुचारु रूप से संचालित होता पाया गया। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। निरीक्षण के अंत में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए और नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा।