साल की शुरूआत में नगर निगम ने बनाया टैक्स वसूली का रिकार्ड

पिछले वर्ष के सापेक्ष में डेढ़ गुणा अधिक हुई वसूली विजय नगर जोन ने दिखाया दम वसुंधरा जोन नंबर-1
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। साल 2024 की शुरुआत गाजियाबाद नगर निगम के लिए शुभ रहा है। नव वर्ष के पहले महीने में निगम ने टैक्स वसूली का रिकॉर्ड बनाया है। जनवरी 2024 में 17 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स वसूली हुई है जो कि पिछले वर्ष से लगभग 7 करोड़ रुपये अधिक है। टैक्स वसूली में नगर निगम के पांचों जोन का रिकार्ड देखें तो सिटी जोन को छोड़कर अन्य सभी जोन का प्रदर्शन शानदार रहा है। टैक्स वसूली के लिहाज से सबसे कठिन माने जाने वाले विजय नगर जोन में टैक्स वसूली में डेढ़ गुणा से अधिक बढ़ोत्तरी हुई है जो कि प्रदर्शन के लिहाज से शानदार हैं। नगर निगम के वसुंधरा जोन का रिकार्ड सबसे अच्छा है। वसुंधरा जोन ने 4 करोड़ अधिक की टैक्स वसूली की है जो कि पिछले वर्ष के सापेक्ष में दोगुणा से अधिक है। टैक्स वसूली को लेकर यदि सभी जोन का रिकॉर्ड इसी तरह बरकरार रहा तो 31 मार्च तक वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।
नगर निगम को आर्थिक रूप से स्वाबलंबी बनाने के लिए आमदनी को बढ़ाया जाना जरूरी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में 313 करोड़ रुपये के टैक्स वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। टैक्स वसूली का यह लक्ष्य पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग 100 करोड़ रुपये अधिक है। टैक्स वसूली के निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर विक्रमादित्य सिंह मलिक गाजियाबाद निगम को कमाई में भी नंबर-1 बनाना चाहते हैं। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा द्वारा सभी जोन में होने वाले टैक्स वसूली की डेली मॉनिटरिंग की जा रही है। नगर आयुक्त द्वारा टैक्स वसूली की समीक्षा बैठक में वसूली बढ़ाने को लेकर आवश्यक सुझाव व देने के साथ यदि कहीं कोई गतिरोध है तो उसे भी दूर किया जाता है।
नगर आयुक्त द्वारा टैक्स वसूली में बेहतर प्रदर्शन करने पर अधिकारियों की हौसलाफजाई भी की जाती है। इसी का परिणाम है कि जनवरी महीने में टैक्स वसूली ने रिकॉर्ड बनाया है। नगर आयुक्त स्पष्ट निर्देश है कि हमें हर हाल में टैक्स वसूली के लक्ष्य को हासिल करना है। अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष में 62 प्रतिशत की वसूली हुई है। पिछले वर्ष जनवरी महीने में 10 करोड़ 28 लाख रुपये वसूले गये थे जो कि इस वर्ष बढ़कर 17 करोड़ 13 लाख रुपये तक पहुंच गया। पिछले वर्ष जनवरी माह में हुई टैक्स वसूली के सापेक्ष में इस वर्ष हुए प्रतिशत ग्रोथ को देखें तो वसुंधरा जोन ने 212 प्रतिशत, मोहन नगर जोन ने 172 प्रतिशत, कविनगर जोन ने 159 प्रतिशत और विजय नगर जोन ने 158 प्रतिशत वसूली की है। सिटी जोन का प्रदर्शन खराब रहा है और यहां सिर्फ 104 प्रतिशत का ग्रोथ है।
एक दिन में हुई 1.38 करोड़ रुपए की वसूली

नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में दी जा रही 5 प्रतिशत की छूट बुधवार को समाप्त हो गई। बुधवार को अंतिम दिन नगर निगम कोष मेंं हाउस टैक्स का 1.38 करोड़ रुपए जमा हुआ। जनवरी माह में हाउस टैक्स वसूली में प्रदेश में नगर निगम नंबर-1 पर रहा है। उन्होंने टीम को प्रोत्साहित करते हुए हाउस टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए हैं। जनवरी में निगम ने लगभग 18 करोड़ की वसूली की है।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सभी पांचों जोन के जोनल प्रभारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में हाउस टैक्स की वसूली टीम द्वारा कराई जा रही है। पिछले वर्ष-2022-23 में जनवरी माह में वसुंधरा जोन से लगभग 3 करोड़ की वसूली की गई थी। इस बार 8 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की गई। एक दिन में 1.38 करोड़ रुपए की वसूली हुई है।