-महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने फीता काटकर किया शुभारंभ, न्यूयॉर्क से आए ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज टीम के सदस्य हुए मौजूद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा नंदी पार्क गौशाला में स्थापित प्राकृतिक गोबर पेंट प्लांट का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने फीता काटकर इस पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, चीफ इंजीनियर निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, विशेषज्ञ टीम के सदस्य तरूशी और साहिल के साथ-साथ न्यूयॉर्क से आए ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 की तीन सदस्यीय टीम भी उपस्थित रही। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने उपस्थित अधिकारियों और टीम के सदस्यों को प्राकृतिक पेंट की कार्यप्रणाली, इसके लाभ और नगर निगम की योजना से होने वाले व्यापक सामाजिक एवं पर्यावरणीय लाभों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस पेंट को बनाने के लिए गाय के गोबर का उपयोग किया गया है। इससे शहर में गोबर के निपटान की समस्या का स्थायी समाधान होगा और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह परियोजना केवल पर्यावरण हितैषी नहीं है, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं की मदद ली जा रही है, जिनके लिए यह रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर भी है। अब तक दो प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए हैं, जिनमें 25 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। महापौर ने कहा कि इस प्रयास से नगर निगम की आय बढ़ेगी और शहर में एक टिकाऊ, पर्यावरण मित्र और आर्थिक रूप से लाभकारी परियोजना का मार्ग प्रशस्त होगा।
नगर आयुक्त ने विस्तार से बताया कि इस पेंट के निर्माण में डिस्टेंपर में 40 प्रतिशत इमल्शन और 30 प्रतिशत गोबर का मिश्रण किया जाता है। यह पेंट गर्मी को सोखने और छतों का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम करने में सक्षम है। इसके उपयोग से सरकारी स्कूलों की छतों पर बच्चों के लिए ठंडा और आरामदायक वातावरण तैयार होगा, जिससे बच्चों का स्वास्थ्य और उनकी पढ़ाई पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
इस अवसर पर ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज की टीम ने नंदी पार्क गौशाला का निरीक्षण किया और परियोजना की कार्यप्रणाली, नवाचार और सामाजिक लाभ की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल शहरी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं और समाज के आर्थिक उत्थान में भी सहायक होगी। नगर निगम ने यह भी जानकारी दी कि इस पायलट प्रोजेक्ट के जरिए तैयार किए गए प्राकृतिक पेंट का उपयोग सरकारी विभागों और स्कूलों में किया जाएगा, जिससे नगर निगम की आय लगभग 10 करोड़ रुपए तक बढ़ सकती है। इसके अलावा, परियोजना के सफल संचालन से शहर में गोबर प्रबंधन की समस्या दूर होगी, नालियों और सीवर जाम होने की संभावना कम होगी और शहरी वातावरण ठंडा और अधिक आरामदायक बनेगा। महापौर ने उपस्थित अधिकारियों, नगर निगम कर्मचारियों और एसएचजी की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना गाजियाबाद में नवाचार, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल है।
उन्होंने नगर निगम और ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज टीम की साझेदारी को भी शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद भविष्य में इसे बड़े पैमाने पर लागू करेगा। सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की छतों पर प्राकृतिक पेंट का उपयोग किया जाएगा। इस परियोजना से न केवल पर्यावरणीय लाभ मिलेगा, बल्कि बच्चों, कर्मचारियों और आम जनता के लिए स्वास्थ्य और ठंडक का बेहतर माहौल भी सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने महापौर और नगर आयुक्त के नेतृत्व में इस अभिनव परियोजना की सफलता और संभावित लाभों की सराहना की। नगर निगम की यह पहल गाजियाबाद को एक स्वच्छ, टिकाऊ और उन्नत शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

















