-संभव जनसुनवाई में प्राप्त हुए 20 संदर्भ, कार्यवाही के दिए निर्देश
-संभव में समस्या के तत्काल समाधान पर नगर आयुक्त का किया धन्यवाद
गाजियाबाद। नगर निगम में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करके रिपोर्ट करें। ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए कि निस्तारण की गुणवत्ता खराब होने के कारण उच्च स्तर से शिकायतें पुन: वापस आ जाएं। शिकायतों के निस्तारण प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए और संदर्भों के निस्तारण के परिणाम से भी शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए। उक्त बातें मंगलवार को नगर निगम अपने कार्यालय में संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहीं।
उन्होंने कहा पारदर्शिता के साथ शिकायतों का निस्तारण किया जाए। जनसुनवाई में पटेल नगर, कवि नगर, राजनगर, संजय नगर, गोविंदपुरम, लोहिया नगर, चिरंजीव विहार के निवासियों द्वारा अपने क्षेत्र की समस्या संभव के दौरान निगम अधिकारियों के समक्ष रखी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त समस्याओं के समाधान पर तेजी से कार्यवाही की गई। इस दौरान 20 संदर्भ प्राप्त हुए। संभव के दौरान संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश द्वारा शिकायतकर्ता एवं संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय बनाते हुए कार्यवाही को कराया। समस्याओं के समाधान पर आगंतुकों द्वारा नगर निगम टीम का धन्यवाद भी जताया।
मौके पर जलकल विभाग से ओम प्रकाश, निर्माण विभाग से जैदी व अन्य संबंधित टीम उपस्थित रही। संभव के दौरान साहिबाबाद से आई हुई सोमलता मित्तल द्वारा नगर आयुक्त का समस्या के समाधान पर धन्यवाद जताया। सोमलता मित्तल साहिबाबाद की निवासी हैं। जिनके द्वारा अपनी टैक्स संबंधित समस्या नगर आयुक्त की समक्ष रखी। जिसका तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा को निर्देश दिए गए। इसी प्रकार अन्य आगंतुकों की समस्याओं पर भी समाधान की कार्यवाही कराई गई। जनप्रतिनिधियों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। नगर आयुक्त ने जनसुनवाई के दौरान पूर्व में आई संदर्भ का फीडबैक लिया।

















