-निवेशकों को दी जाएगी पूरी सुविधाएं, औद्योगिक माहौल बनेगा और मजबूत: आर.के. सिंह
-मिंडा कारपोरेशन और पॉलीनोमस इंडस्ट्रीज निवेश से सृजित करेंगे 3,600 से अधिक रोजगार
-औद्योगिक विकास को मिलेगा बल, स्थानीय अर्थव्यवस्था होगी सशक्त
-मिंडा कारपोरेशन 48 लाख यूनिट्स वायरिंग हार्नेस का करेगी उत्पादन
-पॉलीनोमस इंडस्ट्रीज उन्नत पॉलिमर यौगिकों के निर्माण में अग्रणी, 600 कर्मचारियों को रोजगार देगा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने सोमवार को क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए दो प्रमुख कंपनियों को भूमि आवंटित की, जिससे न केवल औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि हजारों लोगों को रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इन परियोजनाओं में कुल 600 करोड़ रुपये का निवेश होगा और अनुमानित रूप से करीब 3,600 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह ने दोनों कंपनियों को आवंटन पत्र प्रदान किए और निवेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में औद्योगिक माहौल को और मजबूत करना यीडा की प्राथमिकताओं में शामिल है। यीडा ने मिंडा कारपोरेशन लिमिटेड को सेक्टर 10 में 23 एकड़ भूमि आवंटित की। मिंडा ग्रुप देश-विदेश में ऑटोमोटिव और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के अग्रणी निर्माता के रूप में विख्यात है। कंपनी इस परियोजना में लगभग 522.27 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और यहां 48 लाख यूनिट वायरिंग हार्नेस और अन्य संबंधित कनेक्शन सिस्टम का उत्पादन करेगी।
इस परियोजना से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। मिंडा ग्रुप की वर्तमान में भारत, वियतनाम, इटली, जापान और इंडोनेशिया में 27 उत्पादन इकाइयाँ संचालित हैं। कंपनी के आर एंड डी सेंटर पुणे और बैंगलोर में स्थापित हैं, जो नई तकनीकों और नवाचारों के विकास में मदद करते हैं। इसी तरह, यीडा ने पॉलीनोमस इंडस्ट्रीज को 10,000 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की है। कंपनी 75 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और लगभग 600 लोगों को रोजगार प्रदान करेगी। पॉलीनोमस इंडस्ट्रीज उन्नत पॉलिमर यौगिकों का अग्रणी निर्माता है, जो रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, दोपहिया और चौपहिया वाहनों के पुर्जे, एलईडी लाइटिंग, एमसीबी/एमसीसीबी विद्युत प्रणालियाँ, इलेक्ट्रिक आयरन, कंप्यूटर और लैपटॉप के लिए महत्वपूर्ण कच्चे माल का उत्पादन करता है।
कंपनी देश भर के कई प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरण और ऑटोमोबाइल निर्माताओं को इन सामग्रियों की आपूर्ति करती है। सीईओ आर.के. सिंह ने बताया कि इन दोनों निवेशों से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यीडा निवेशकों के लिए सुविधाजनक माहौल बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और भविष्य में और अधिक औद्योगिक इकाइयों को आकर्षित करने का प्रयास करेगी।
मिंडा कारपोरेशन और पॉलीनोमस इंडस्ट्रीज जैसी अग्रणी कंपनियों के निवेश से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तकनीकी उन्नति, रोजगार सृजन और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, इस परियोजना के माध्यम से छोटे और मझोले उद्योगों के लिए भी सहयोग और आपूर्ति श्रृंखला में सुधार की संभावना बढ़ेगी। आगामी महीनों में, इन परियोजनाओं की आधारशिला समारोहों और औपचारिक उद्घाटन के साथ रखी जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शुरू होगा और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का वास्तविक क्रियान्वयन देखा जा सकेगा। यीडा अधिकारियों ने निवेशकों को आश्वासन दिया है कि सभी अनुमतियाँ और अवसंरचना सहयोग समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।

















