-18, 24 और 45 मीटर चौड़ी सड़कें होंगी जोड़ने की प्राथमिकता, अधूरे रोड कार्य में भी जल्द होगा तेजी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में सड़क निर्माण कार्य अब नई गति से आगे बढ़ाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने ठोस कदम उठाया है। इसके तहत आज यानि मंगलवार को हम-तुम रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु किसानों से सहमति लेने के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार को जीडीए उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स ने अपने कार्यालय में अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन के प्रत्येक हिस्से में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य को समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने बताया कि भूमि अर्जन प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा और अधूरे रोड कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन से प्राप्त फंड के आधार पर प्रस्तावित सड़कों की विस्तृत डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाए और शीघ्र शासन को प्रस्तुत की जाए। इसके अलावा अन्य सड़कों के लिए भूमि अर्जन से संबंधित प्रस्ताव भी जल्द से जल्द तैयार कर प्रशासन को भेजे जाएँ।
विशेष ध्यान राजनगर एक्सटेंशन की 18 मीटर, 24 मीटर और 45 मीटर चौड़ी सड़कों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर रखा गया। जिन सड़कों का निर्माण अटका हुआ है, उनके काम में भी जल्द गति लाने का निर्देश दिया गया। जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि यह पहल क्षेत्रवासियों और आम जनता के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी और आने वाले समय में शहर की सड़क नेटवर्क को मजबूती और व्यापक कनेक्टिविटी मिलेगी। उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से जमीन अधिग्रहण में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी हितधारकों के सहयोग से राजनगर एक्सटेंशन के विकास में तेजी आएगी।
आज लगने वाले विशेष कैंप में जीडीए की टीम किसानों से प्रत्यक्ष संवाद करेगी और हम-तुम रोड समेत अन्य प्रमुख सड़कों के निर्माण हेतु उनकी सहमति प्राप्त करेगी। इस कदम से न केवल सड़क निर्माण में तेजी आएगी, बल्कि राजनगर एक्सटेंशन के सभी हिस्सों की एंड टू एंड कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
जीडीए का यह प्रयास शहरवासियों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात सुगमता को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। आगामी महीनों में इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के विकास में बड़ा योगदान होगा और नोएडा, ग्रेटर नोएडा मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित होगी।
















