पंजाबी एकता समिति का नया कार्यालय उद्घाटित, लोहड़ी पर्व उल्लास और संस्कृति के रंग में मनाया गया

-राष्ट्रीय अध्यक्ष और पदाधिकारी संगठन की ताकत, सामाजिक सहभागिता और युवा एकता पर जोर देने के लिए एकत्र हुए

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पंजाबी समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पंजाबी एकता समिति गाजियाबाद ने रविवार को कविनगर में अपने नए कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर लोहड़ी पर्व भी पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह पारिवारिक माहौल में हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्य, गणमान्य लोग और उनके परिवार मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कपूर ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाबी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता, भाईचारा और संस्कृति में है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र नहीं बनेगा, बल्कि समाज सेवा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवाओं को जोड़ने का मंच भी बनेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया कि वे समाज की सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। राष्ट्रीय महामंत्री अशोक अजमानी ने कहा कि इस समिति का उद्देश्य केवल संगठन को मजबूत करना ही नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों और जरूरतमंदों की मदद करना भी है।

उन्होंने लोहड़ी पर्व को हमारी संस्कृति की जड़ों से जोड़कर देखते हुए कहा कि इसे युवाओं तक पहुँचाना हमारी जिम्मेदारी है। अजमानी ने यह भी कहा कि नए कार्यालय के माध्यम से आने वाले वर्षों में समाज हित के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जागृत किया जाएगा।
राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर शिवनंदन कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाबी समाज मेहनत, सकारात्मक सोच और सहयोग का प्रतीक रहा है। इस तरह के सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजन समुदाय को जोड़ने और आपसी सहयोग को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को सक्रिय बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कार्यक्रम में राजीव खन्ना, अश्विनी तनेजा, संजय बाटला, प्रवीण खुन्गर, संजय खन्ना, नवीन धवन, अनिल तनेजा, संजीव अजमानी, सुनील रहेजा, संदीप मिगलानी, अनिल खत्री, तरुण विजय, जुनेजा साक्षी नारंग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग

उपस्थित सदस्यों ने लोहड़ी की पारंपरिक अग्नि प्रज्वलित की, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से पर्व का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर गेम्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों और युवाओं ने अपने कौशल और ऊर्जा का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक जीवंत और उत्साहपूर्ण बन गया। आयोजन में सभी ने संगठन की गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कपूर, राष्ट्रीय महामंत्री अशोक अजमानी और राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर शिवनंदन कपूर ने मिलकर कहा कि पंजाबी समाज की एकता और संस्कृति के संरक्षण के लिए इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर जारी रहेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों और उपस्थित गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया और नए कार्यालय के माध्यम से भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक लोहड़ी की अग्नि और सामूहिक उत्साह के साथ हुआ। उपस्थित सभी ने पंजाबी एकता समिति के प्रयासों की सराहना की और आने वाले वर्षों में भी समाज को जोडऩे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।