-
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रहेंगे मुख्य अतिथि, हजारों प्रतिनिधियों और दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में गूँजेगी वैश्य एकजुटता की हुंकार
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। वैश्य समाज के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। नोएडा सेक्टर-74 स्थित वेडिंग क्राउन में 31 अगस्त, रविवार को अंतर्राष्ट्रीय वैश्य संगठन का प्रथम विराट वैश्य महासम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस महासम्मेलन में भारत की सबसे बड़ी पंचायत, लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनकी मौजूदगी न केवल इस आयोजन की गरिमा को बढ़ाएगी, बल्कि समाज के बीच नए विश्वास और ऊर्जा का संचार करेगी। महासम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी”, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, गाजियाबाद सांसद एवं पूर्व मंत्री अतुल गर्ग, मुरादाबाद सांसद रुचिवीरा, राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल, मेरठ विधायक अमित अग्रवाल, अलीगढ़ विधायक मुक्ता राजा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल, अलीगढ़ महापौर प्रशांत सिंहल और भाजपा जिला अध्यक्ष मयंक गोयल समेत अनेक दिग्गज हस्तियाँ सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप देंगी।
इस विराट महासम्मेलन में विभिन्न जिलों और नगरों से लगभग तीन हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन समिति का दावा है कि यह कार्यक्रम वैश्य समाज की एकजुटता, पारिवारिक बंधन और राष्ट्र निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी का जीता-जागता उदाहरण बनेगा। सम्मेलन में वैश्य समाज के सभी उपवर्गों को एक मंच पर लाकर रोटी-बेटी के संबंधों और पारिवारिक एकता पर विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही जनसंख्या संतुलन, सामाजिक संरचना और राष्ट्र निर्माण में वैश्य समाज की ऐतिहासिक भूमिका पर भी प्रकाश डाला जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम और भारत के स्वर्णिम काल में समाज के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को अपने इतिहास से प्रेरणा मिल सके।
महासम्मेलन में वैश्य समाज के सामने खड़ी आर्थिक चुनौतियों और रिटेल ट्रेड पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बढ़ते प्रभाव पर भी गहन चर्चा होगी। मध्यम वर्गीय व्यापारियों और परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। इसके साथ ही समाज की सरकार में नीतिगत भागीदारी को सशक्त करने के मुद्दे पर भी व्यापक विमर्श किया जाएगा। गरीब और जरूरतमंद वैश्य परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी योजनाओं की रूपरेखा सामने रखी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने कहा कि आज के वैश्विक परिदृश्य में वैश्य समाज की एकजुटता समय की मांग है। यह महासम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को मजबूत पारिवारिक और सामाजिक संबंधों से जोडऩे, राष्ट्र निर्माण में भागीदारी बढ़ाने और भविष्य के लिए ठोस रणनीति तय करने का महाअभियान है।
इस ऐतिहासिक सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय संरक्षक सतनारायण गोयल, महेश बाबू गुप्ता, सुधीर पोरवाल, संजय गुप्ता (माथुर वैश्य समाज अध्यक्ष), राष्ट्रीय सचिव एडवोकेट नवीन कुमार, अमित पोरवाल, सचिन गुप्ता (युवा शक्ति), प्रदीप गोयल (अग्रवाल मित्र मंडल अध्यक्ष), बलराज गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे। महासम्मेलन से पहले ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल है। बैनरों, पोस्टरों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए इसे वैश्य समाज के महाकुंभ के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। नोएडा का यह आयोजन न केवल समाज की शक्ति और एकता का संदेश देगा, बल्कि आने वाले समय में राष्ट्रहित में वैश्य समाज की भूमिका को नई दिशा और ऊर्जा भी प्रदान करेगा।

















