-एडीएम नगर की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी आवेदन की जांच और स्थलीय निरीक्षण
-सोसायटी, होटल, स्कूल व फार्म हाउस में बिना पंजीकरण चल रहे संस्थानों पर प्रशासन की पैनी नजर
-नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, संचालकों में मचा हड़कंप
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में संचालित तरणताल, जिम एवं खेल एकेडमी के संचालन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमसम्मत बनाने की दिशा में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी (नगर) विकास कश्यप ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण संचालित किसी भी तरणताल, जिम या खेल एकेडमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे संस्थानों के विरुद्ध नियमसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए श्री कश्यप ने बताया कि जनपद में कार्यरत समस्त तरणताल, जिम एवं खेल एकेडमी संचालकों को जिला क्रीड़ा अधिकारी, गाजियाबाद के कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी। आवेदन प्रस्तुत होने के उपरांत अपर जिलाधिकारी (नगर) की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा संबंधित संस्थानों के आवेदन की जांच एवं स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा।
सभी मानकों और नियमों को पूरा करने वाले संस्थानों को ही पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी (नगर) ने यह भी स्पष्ट किया कि सोसायटी, क्लब, होटल, स्कूल, फार्म हाउस, बैंक्वेट हॉल अथवा अन्य किसी भी स्थान पर संचालित तरणताल, जिम या खेल एकेडमी यदि बिना पंजीकरण के चल रही हैं तो उन्हें तत्काल प्रभाव से संचालन रोकते हुए नियमानुसार पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीकरण संचालन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासनिक हलकों में श्री विकास कश्यप की इस पहल को उनकी अनुशासित, सक्रिय और जनहित को प्राथमिकता देने वाली कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।
पूर्व में भी वे नगर क्षेत्र से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय, स्पष्ट दिशा-निर्देश और नियमों के सख्त अनुपालन के लिए जाने जाते रहे हैं। इस कार्रवाई से जहां अवैध रूप से संचालित संस्थानों में हड़कंप मचा है, वहीं नियमों का पालन करने वाले संचालकों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। प्रशासन का मानना है कि पंजीकरण प्रक्रिया से न केवल सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि खिलाडिय़ों, बच्चों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
















