-संभव जनसुनवाई में प्राप्त हुई 22 शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
गाजियाबाद। जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 22 शिकायतें दर्ज की गई। नगर आयुक्त ने शिकायत सुन संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही संभव कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के बाद विभाग अपनी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। जलकल विभाग से संबंधित सीवर व पानी की समस्या को नगर आयुक्त के समक्ष वार्ड संख्या-95 की पार्षद रुकसाना सैफी, पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी आदि ने रखी। नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर वाबाग कंपनी को कड़े निर्देश देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी ने क्षेत्र में नाले के ऊपर अतिक्रमण हटाने एवं नाले की सफाई के लिए पत्र दिया। नगर आयुक्त ने नाले से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्माण विभाग को निर्देश दिए। इसके अलावा विजयनगर जोन क्षेत्र के वार्ड-15 से पार्षद पूनम सिंह ने सीवर ओवरफ्लो की समस्या बताई। वार्ड-88 से पार्षद नीरज गोयल ने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर नगर आयुक्त से चर्चा की। इसके अलावा अन्य लोगों ने निगम से संबंधित अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं बताई। नगर आयुक्त ने लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद जलकल विभाग के महाप्रबंधक को प्राप्त समस्याओं का स्थल पर निरीक्षण कर फोटो सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सभी अनुभाग के अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण करने और कार्रवाई के उपरांत फोटो सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रकाश प्रभारी आस कुमार, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।

















