लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली कराएं अधिकारी: डीएम

-वसूली कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए साप्ताहिक समीक्षा बैठक करने के दिए निर्देश
-अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कम वसूली करने वाले अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस दिए जाने के आदेश

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को डीएम इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर राजस्व वसूली व वसूली प्रमाण पत्रों के आधार पर राजकीय देयों की वसूली की आदि की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में उप जिलाधिकारी लोनी व नोडल अधिकारी, कर-करेत्तर, विद्युत विभाग की अनुपस्थिति पर डीएम ने उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने की चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सौरभ भट्ट ने डीएम को उक्त बैठक के बिंदुओं एवं कार्यवृत्त से अवगत कराया। जिस पर डीएम ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि स्टाम्प देय के मांग पत्रों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाये। मुख्य देय में भू-राजस्व की मांग के संबंध में तहसीलदार गाजियाबाद व लोनी को पुन: मांग का निर्धारण किये जाने के लिए निर्देशित किया। खनन विभाग को क्रमिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

साथ ही अवैध खनन की लगातार प्राप्त शिकायतों के संबंध में जिला खनन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें। खनन के लिए दिए गए पट्टों की समीक्षा आख्या भी उपलब्ध कराये जाने के लिए निर्देशित किया। वाणिज्य कर, वाहन कर, मनोरंजन विभाग, वन विभाग, विद्युत विभाग, व्यापार कर, खनन विभाग, सिंचाई विभाग, मंडी की वसूली कम होने के कारण डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीएम एफआर को निर्देशित किया कि वसूली कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए साप्ताहिक समीक्षा बैठक की जाए और यदि कोई कम वसूली करता है तो स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।

डीएम ने सचिव, कृषि मंडी के अनुपस्थित होने के संबंध में निदेशक, कृषि मण्डी समिति को पत्र के माध्यम से जनपद में नियमित उप निदेशक को तैनात करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही कृषि मण्डी समिति की दुकानों के आवंटन के लिए तिथि नियत कराने संबंधी पत्र भी जारी करने के लिए निर्देशित किया। समीक्षा बैठक में उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार, विभिन्न विभाग जैसे स्टाम्प, मनोरंजन, व्यापार, आबकारी, खनन, परिवहन, कृषि मण्डी समिति, वन विभाग व सिंचाई के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।