-लाइसेंसी दुकानों का समय बढ़ाया, शौकीनों के लिए राहत, उल्लंघन करने वालों के लिए चेतावनी
-बिना लाइसेंस के रेस्टोरेंट में परोसी जा रही थी शराब, विदेशी मदिरा बरामद और आरोपी गिरफ्तार
-नववर्ष के अवसर पर जिले में कानून और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टीम सक्रिय
-आबकारी अधिकारी की सतर्क निगरानी से जनपद में सुरक्षित और नियंत्रित माहौल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जैसे-जैसे नववर्ष का पर्व नजदीक आ रहा है, युवाओं में उत्साह और तैयारियों का माहौल अपने चरम पर पहुंच चुका है। लोग घरों, रेस्टोरेंट्स, बैंक्वेट हॉल और क्लबों में नववर्ष की पार्टियों की योजना बना रहे हैं। इस बार नववर्ष को और भी खास बनाने के लिए जिले में शराब की बढ़ती खपत को देखते हुए आबकारी विभाग ने विशेष रणनीति बनाई है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के निर्देशन में आबकारी टीम ने 30 और 31 दिसंबर की रातों में लाइसेंसी शराब की दुकानों को रात 11 बजे तक खोलने का निर्णय लिया है, जिससे शौकीन कानूनी तरीके से शराब खरीद सकें। वहीं बिना लाइसेंस शराब पार्टी आयोजित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अपने मुखबिर तंत्र को भी पूरी तरह से अलर्ट कर दिया है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर तुरंत निगरानी रखी जा सके। क्रिसमस पर्व की रात्रि आबकारी विभाग निरीक्षक कीर्ति सिंह और डॉ राकेश त्रिपाठी की टीम ने बिना लाइसेंस शराब पार्टी का भंडाफोड़ कर दिखाया। विभाग को सूचना मिली कि कविनगर क्षेत्र के फ्लाँक ओ क्लाँक रेस्टोरेंट में शराब पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना के तुरंत बाद जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने आबकारी निरीक्षक कीर्ति सिंह और डॉ. राकेश त्रिपाठी की संयुक्त टीम गठित की।
टीम ने मुखबिर द्वारा बताई गई जानकारी के आधार पर रेस्टोरेंट में जाकर तलाशी ली। तलाशी में 7 बोतल विदेशी मदिरा, जिसमें खुली और सील्ड दोनों शामिल थीं, बरामद की गई। रेस्टोरेंट में बिना ओकेजनल बार लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। मौके पर मौजूद कर्मचारी हिमांशु पुत्र प्रदीप कुमार निवासी 144 भौजा पटेल नगर 2 को गिरफ्तार किया गया। वहीं रेस्टोरेंट का मालिक और मैनेजर भी बिना लाइसेंस के पार्टी आयोजित करने में शामिल पाए गए। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने साफ चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस शराब पार्टी का आयोजन अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आयोजकों और रेस्टोरेंट मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पार्टी या समारोह में मदिरा परोसने से पहले विभाग से आवश्यक लाइसेंस अवश्य लें।
संजय कुमार प्रथम ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें, लाइसेंसी दुकानों की रात्रि निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी टीम ने नववर्ष के अवसर पर पूरी तरह से तैयारी कर ली है। विभाग की टीम दिन-रात सक्रिय है और बैंक्वेट हॉल, क्लब, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक स्थल निरंतर निगरानी में हैं। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी आयोजक द्वारा नियमों का उल्लंघन न हो और सभी उत्सव कानूनी और सुरक्षित तरीके से मनाए जाएं। संजय कुमार प्रथम ने आम जनता और समारोह आयोजकों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसी शराब का ही उपयोग करें और किसी भी तरह की अवैध शराब पार्टी आयोजित न करें।
विभाग की यह कार्रवाई किसी भी उल्लंघन को रोकने, जनता की सुरक्षा बनाए रखने और जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए है। गाजियाबाद में आबकारी विभाग की यह रणनीति और जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम की अनुशासित और सक्रिय नेतृत्व क्षमता यह साबित कर देती है कि नववर्ष के अवसर पर भी कानून और सुरक्षा सर्वोपरि है। अवैध शराब की बिक्री और बिना लाइसेंस पार्टी के खिलाफ जारी यह अभियान न केवल जिले में कानून का पालन सुनिश्चित करेगा, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षित और आनंदमय नववर्ष मनाने का अवसर देगा।
















