नववर्ष से पहले आबकारी का ‘क्लीन स्ट्राइक’: हिंडन खादर में ध्वस्त हुआ अवैध शराब का साम्राज्य

  • 1200 किलो लहन और 60 लीटर कच्ची शराब नष्ट, तीन अभियोग दर्ज
  • जंगल-झाडिय़ों में चल रही भट्टियां ध्वस्त, शराब माफिया में मचा हड़कंप
  • राजस्व संरक्षण और जनस्वास्थ्य को लेकर आबकारी विभाग का सख्त रुख
  • नववर्ष पर जहरीली शराब से बचाव के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान तेज

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नववर्ष पर्व से पहले आमजन की सुरक्षा और सरकारी राजस्व को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने अवैध शराब माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए हिंडन खादर क्षेत्र में वर्षों से फल-फूल रहे अवैध शराब के गढ़ को एक बार फिर ध्वस्त कर दिया। आबकारी विभाग की इस सख्त और साहसिक कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने विभाग की मुहिम की खुलकर सराहना की है। नववर्ष में शराब की बढ़ती खपत को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को आंतरिक रूप से ‘मिशन स्वच्छ जश्न’ नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य है कि नववर्ष का जश्न किसी भी हाल में जहरीली व अवैध शराब से जानलेवा न बने। इस अभियान के अंतर्गत जहां एक ओर बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए जिले की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर हिंडन खादर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि गाजियाबाद जिले में अवैध शराब के लिए अब कोई जगह नहीं है। जनसुरक्षा, कानून व्यवस्था और राजस्व संरक्षण को लेकर आबकारी अधिकारी और उनकी टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ मैदान में डटी हुई है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा कि नववर्ष पर्व के मद्देनज़र जनसुरक्षा और सरकारी राजस्व की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंडन खादर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में वर्षों से सक्रिय शराब माफिया के खिलाफ आबकारी विभाग पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ कार्रवाई कर रहा है। हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध भट्टियों को नष्ट किया है, ताकि दोबारा इस तरह की गतिविधियां न पनप सकें। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंडन खादर बना था माफिया का सुरक्षित ठिकाना
हिंडन नदी के किनारे झाडिय़ों और जंगलों की आड़ में शराब माफिया लंबे समय से अवैध कच्ची शराब का निर्माण कर रहे थे। नववर्ष में मांग बढऩे की आशंका को देखते हुए माफियाओं ने बड़ी मात्रा में लहन तैयार कर भट्टियां संचालित कर दी थीं। इस अवैध कारोबार से न केवल सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था, बल्कि जहरीली शराब से जनहानि का भी गंभीर खतरा बना हुआ था। शुक्रवार को जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक अनुज कुमार वर्मा एवं प्रवर्तन मेरठ आबकारी निरीक्षक हरीन्द्र कृष्णन, योगेश कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, संजीव सक्सेना की संयुक्त टीम ने थाना टीला मोड़ क्षेत्र के भनेडा, महमूदपुर तथा थाना लोनी क्षेत्र के सीती, भूपखेड़ी सहित हिंडन खादर इलाके में एक के बाद एक कई स्थानों पर दबिश दी।

दबिश के दौरान टीम ने मौके से 1200 किलोग्राम लहन और 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब माफियाओं द्वारा तैयार की गई अवैध भट्टियों को भी मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, जिससे दोबारा निर्माण की संभावना समाप्त हो सके। बरामद अवैध शराब को कब्जे में लेते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत तीन अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।

ग्रामीण बने आबकारी के सहयोगी
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने आसपास के ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अवैध शराब से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की। विभाग का मानना है कि जब तक स्थानीय लोग जागरूक होकर सहयोग नहीं करेंगे, तब तक इस सामाजिक बुराई को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता।

आमजन ने की आबकारी टीम की सराहना
नववर्ष से पहले की गई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्रीय लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल है। आमजन का कहना है कि आबकारी विभाग की सक्रियता से न केवल अवैध शराब पर लगाम लगेगी, बल्कि नए साल का जश्न भी सुरक्षित और भयमुक्त हो सकेगा।