-अब बुजुर्ग अकेले नहीं-हर जरूरत पर साथ खड़ी रहेगी गाजियाबाद पुलिस : जे. रविन्द्र गौड़
-डायल-112 और यूपी कॉप ऐप से सीधे जुड़ेंगे वरिष्ठ नागरिक
-बीट पुलिस करेगी नियमित मुलाकात, घर बैठे मिलेगी मदद
-24 घंटे सक्रिय हेल्प डेस्क पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत जनपद के सभी थानों में सीनियर सिटीजन हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई हैं, जिससे अब वरिष्ठ नागरिकों को मदद के लिए थाने या चौकी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस स्वयं उनके घर तक पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएगी। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में नई पीढ़ी रोजगार और भविष्य की तलाश में बाहर चली जाती है, जिससे कई बुजुर्ग घरों में अकेले रह जाते हैं। ऐसी स्थिति में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, संपत्ति और दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों को डायल-112 और यूपी कॉप ऐप से जोड़ने का अभियान शुरू किया है।
जिले के 24 थानों में साइबर सेल और मिशन शक्ति केंद्र की तर्ज पर सीनियर सिटीजन हेल्प डेस्क संचालित की जा रही हैं। योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है। पंजीकरण के समय उनका पूरा विवरण, पता और संपर्क जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज होगी। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से जैसे ही वरिष्ठ नागरिक डायल-112 पर कॉल करेंगे, उनकी पूरी जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी और 10 से 15 मिनट के भीतर पीआरवी टीम सहायता के लिए मौके पर पहुंचेगी।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करें। जिन बुजुर्गों के पास एंड्रॉयड फोन है, उन्हें यूपी कॉप ऐप डाउनलोड कराकर पंजीकरण कराया जा रहा है। प्रत्येक थाने में एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही को रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बीट पुलिस अधिकारी नियमित रूप से बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेंगे। अब तक कमिश्नरेट स्तर पर संचालित सीनियर सिटीजन सेल को विस्तार देते हुए इसे 24 हेल्प डेस्क के रूप में विकसित किया गया है। प्रत्येक सहायता केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी और एक महिला आरक्षी की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन नंबर 9643324446 और 9643303628 भी जारी किए गए हैं, जिन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस टीम निर्धारित समय में मौके पर पहुंचकर मदद करेगी। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को केवल सुरक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक सहारा प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी थानों में स्थापित वरिष्ठ नागरिक सहायता केंद्र बुजुर्गों के जीवन में भरोसा और सुरक्षा का नया आधार बनेंगे। पुलिस कर्मियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और वरिष्ठजनों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। ‘ऑपरेशन सवेरा’ के माध्यम से गाजियाबाद पुलिस बुजुर्गों की गुमनाम और अकेली जिंदगी में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का उजियारा लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही है।
















