स्कूल चलो अभियान से शिक्षा का महाअभियान शुरू, नामांकन बढ़ाने को निकली जनजागरण रैली

-मुख्यमंत्री ने वाराणसी से किया शुभारंभ, विद्यालयों में देखा गया लाइव प्रसारण
-जीजीआईसी विजय नगर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम, दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत
-हर बच्चे को शिक्षा से जोडऩे का संकल्प, छात्र-छात्राओं को वितरित की गईं पाठ्य पुस्तकें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ शनिवार को पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। सुबह 9:30 बजे वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से मुख्यमंत्री द्वारा अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई, जिसका सजीव प्रसारण जनपद के परिषदीय विद्यालयों में देखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोडऩा रहा। जनपद स्तर पर स्कूल चलो अभियान का मुख्य कार्यक्रम राजकीय कन्या इंटर कॉलेज विजय नगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक संजीव शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने अपने स्वागत संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कर अभियान को सफल बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, निपुणशाला, चिंपल एप और चैट बॉक्स जैसे आधुनिक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, इसलिए अब शैक्षिक गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। कार्यक्रम के दौरान लोनी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खोड़ा के बच्चों ने स्कूल चलो अभियान गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विधायक संजीव शर्मा ने नवीन शैक्षिक सत्र के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास की वास्तविक आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करना उसका मौलिक अधिकार है और यदि कोई बच्चा विद्यालय से बाहर रह जाता है तो इसके लिए समाज के सभी वर्ग जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, दो जोड़ी यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग तथा मिड-डे मील जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को उनकी पाठ्य पुस्तकों का सेट वितरित किया और नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व और नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल चलो अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशाल जनजागरण रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने अभियान के स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर शिक्षा जागरूकता के नारे लगाए। रैली को विधायक संजीव शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्राचार्य विभा चौहान, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक यादव, वित्त एवं लेखाधिकारी विकास बघेल, जिला समन्वयक डॉ. राकेश, अनुभव गुप्ता, तनुजा शर्मा, नीरज खटाना, नीतू, योगेंद्र, अनिल कुमार, राजपाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी पूनम शर्मा द्वारा किया गया।