मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में डी.एल.एड. छात्रों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित

उदय भूमि
गाजियाबाद। मोहननगर स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में बुधवार से डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डी.एल.एड) सत्र 2024-25 के नवप्रवेशी छात्रों के लिए सप्ताहिक अभिविन्यास कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, नियम-कानून, शिक्षण पद्धति और अन्य महत्वपूर्ण संसाधनों से परिचित कराना था। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निशा सिंह ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, हमारा उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, आत्म-अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।

यह अभिविन्यास कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल कॉलेज के वातावरण से परिचित कराएगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगा। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को कॉलेज की कार्यप्रणाली, संकाय सदस्यों और छात्र क्लबों से अवगत कराया। इसके साथ ही, कैंपस टूर, विजन और मिशन, मेंटर-मेंटी सत्र और पुस्तकालय के नियमों की जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों को कॉलेज की समग्र कार्य संस्कृति को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान कई विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और नए वातावरण को लेकर अपने उत्साह को प्रकट किया। समापन सत्र में डॉ. निशी त्यागी (विभागाध्यक्ष, शिक्षा विभाग) ने विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों एवं कॉलेज प्रशासन को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष सहित सभी प्रवक्ता गण उपस्थित रहे और उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अपने नए शैक्षणिक सफर की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या प्रो. निशा सिंह ने बताया शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें आत्म-अनुशासन, आत्मनिरीक्षण और ज्ञान की खोज आवश्यक है। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी न केवल शिक्षित बनें बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत भी बनें। मॉडर्न कॉलेज में हम विद्यार्थियों को एक ऐसा वातावरण प्रदान करते हैं, जो उन्हें सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करता है।