पाकिस्तान को फिर सर्जिकल स्ट्राइक का डर

भारत के कारण टेंशन, हाई अलर्ट पर सेना

इस्लामाबाद। भारत की सर्जिकल स्ट्राइक की मार से पाकिस्तान अब तक उबर नहीं पाया है। पाकिस्तान को फिर सर्जिकल स्ट्राइक की चिंता खाए जा रही है। खुफिया एजेंसियों की ताजा रिपोर्ट के बाद पाक हुक्मरानों की नींद उड़ गई है। खुफिया एजेंसियों ने यह संभावना जाहिर की है कि किसान आंदोलन से जनता का ध्यान डायवर्ट करने के लिए भारत पुन: कोई साजिश कर सकता है। पाकिस्तान के प्रमुख अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने इस संबंध में रिपोर्ट प्रकाशित की है। अखबार ने सैन्य सूत्रों के जरिए लिखा है कि सर्जिकल स्ट्राइक की आशंका से पाकिस्तान ने भारत से सटी सीमा पर सैनिकों को सतर्क कर दिया है। अखबार लिखता है कि भारत की हिंदुत्ववादी नरेंद्र मोदी सरकार देश में जारी किसान आंदोलन को कमजोर करने को कुछ भी कर सकती है। इसके चलते लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) और भारत-पाकिस्तान वर्किंग बाउंड्री पर पाकिस्तानी सैनिकों को सतर्क किया गया है। पाकिस्तान के अखबार जियो न्यूज ने भी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। जियो न्यूज ने लिखा है कि पाकिस्तान ने भारत के किसी फ्लैग ऑपरेशन या सर्जिकल स्ट्राइक की आशंका से सेना को अलर्ट पर रखा है। भारत अपनी आंतरिक और बाहरी समस्याओं से ध्यान भटकाने को पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक कर सकता है। अखबार ने लिखा है कि अल्पसंख्यकों, किसान आंदोलन और कश्मीर को लेकर भारत पर काफी दबाव है। भारत लद्दाख में भी चुनौतियों का सामना कर रहा है। पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के जवाब में फरवरी 2019 में भारतीय वायु सेना ने पाक के बालाकोट में आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। भारत में जारी किसान आंदोलन पर पाकिस्तान की बयानबाजी भी जारी है। किसान आंदोलन के जरिए पाकिस्तान खालिस्तान समर्थकों को भड़काने की हरसंभव कोशिश में नजर आता है। कनाडा और ब्रिटेन में भी खालिस्तान समर्थकों के विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल चुके हैं।