स्टेट बैंक के 70वें स्थापना दिवस पर पेंशनर्स एसोसिएशन ने मनाया भव्य समारोह

-आरडीसी दुबई मॉल में गीत, संगीत और सम्मान के साथ मनाया गया सेवा और समर्पण का जश्न

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पेंशनर्स एसोसिएशन (गाजियाबाद यूनिट) द्वारा बुधवार को स्टेट बैंक के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर आरडीसी दुबई मॉल स्थित सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों, प्रबंधकों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और गरिमामयी माहौल में बैंक की ऐतिहासिक यात्रा को स्मरण करते हुए जश्न मनाया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्टेट बैंक आज जिस ऊंचाई पर है, उसमें बैंक कर्मचारियों, विशेषकर सेवानिवृत्त पेंशनर्स का सेवा, समर्पण और अनुशासनपूर्ण कार्यशैली का अहम योगदान रहा है। बैंक की मूल भावना ‘ग्राहक सेवा सर्वोपरि’ को जीवन में उतारने वाले इन पेंशनर्स को सम्मानित करते हुए आयोजन को सम्मान समारोह का रूप भी दिया गया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और बैंक वंदना के साथ हुई। इसके बाद बैंक के इतिहास पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसमें गीत, संगीत, गजल और कविता पाठ प्रमुख आकर्षण रहे। कार्यक्रम का संचालन बड़ी कुशलता से पी.के. जैन ने किया, जिन्होंने मंच को सरस, संवादपूर्ण और भावनात्मक रंग में रंगे रखा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा और बढ़ा दी। जिसमें मनीष बख्शी, डीजीएम (सेवानिवृत्त), आरएन अग्रवाल, डीजीएम (सेवानिवृत्त), कुवेद दत्त, रिटायर एजीएम, एसपी शर्मा, एजीएम, डीपीएस त्यागी, मुख्य प्रबंधक (सेवानिवृत्त), सीएस गौतम, मुख्य प्रबंधक (सेवानिवृत्त) मौजूद रहे।

इन सभी ने अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया और स्टेट बैंक परिवार से जुड़े अपने गौरवशाली क्षणों को याद किया। कार्यक्रम के समापन पर पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एसपी शर्मा ने सभी गणमान्य अतिथियों, पेंशनर्स, आयोजकों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्टेट बैंक से जुड़ाव हमारे लिए सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि जीवन भर की पूंजी है। इस तरह के आयोजन न केवल हमें पुराने मित्रों से जोड़ते हैं, बल्कि अगली पीढ़ी को प्रेरणा भी देते हैं।