– बृहस्पतिवार को संजय नगर सेक्टर-23 पी ब्लॉक में लगा जन-चौपाल
– पशुओं को लेकर काम करने वाले संगठनों को लेकर भी लोगों में दिखी नाराजगी
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। जन चौपल में बृहस्पतिवार को काफी संख्या में लोगों ने मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर से बंदरों से निजात दिलाने की गुहार लगाई। चौपाल में सबसे अधिक शिकायत बंदरों और कुत्तों को लेकर ही रही। लोगों ने मेयर आशा शर्मा से गुहार लगाकर बंदरों के उत्पात से अवगत कराया और बताया कि किस तरह बच्चों को बंदर काट लेते हैं। मेयर ने निगम अधिकारियों को समस्या के समाधान को लेकर कार्य योजना तैयार करने को कहा। जन चौपाल में शामिल हुए लोगों ने पशुओं को लेकर काम करने वाले स्वयंसेवी संगठनों को लेकर भी नाराजगी दिखाई। लोगों ने आरोप लगाया कि इन संगठनों से जुड़े लोग पशु क्रूरता कानून की आड़ में लोगों को डराने का काम करते हैं लेकिन जब छोटे बच्चे और बुजुर्ग को ये जानवर काटते हैं तब मौन साध लेते हैं। कई पार्षदों ने भी मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
यह भी पढ़े : नगर निगम मौन पानी निकासी पर चीखेगा कौन
बृहस्पतिवार को कविनगर जोन में स्थित संजय नगर सेक्टर-23 पी ब्लॉक पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पार्षद अजय शर्मा, मोहन सिंह रावत, कपिल शर्मा, पार्षद पति चेतन यादव, अमर दत्त शर्मा सहित क्षेत्र के विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने एक सुर में मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष बंदरों एवं कुत्तों से से निजात दिलाने की गुहार लगाई। क्षेत्र में जल निकासी के लिए नाले का निर्माण, सड़क और लाइट से संबंधित भी कई शिकायतें रखी गई। म्युनिसिपल कमिश्नर ने निगम अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने एवं समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया। मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि बंदरों और कुत्तों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद की जाएगी। जन चौपाल के लिए सभी पार्षदों एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर को धन्यवाद किया।
यह भी पढ़े : नालों के सफाई की सच्चाई परखने पहुंच गये म्युनिसिपल कमिश्नर
जन चौपाल के बाद म्युनिसिपल कमिश्नर ने वार्ड-16 गांव सिकरोड़ में पार्षद प्रवीण बैसोया और ग्रामीणों के साथ तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्षद ने अवगत कराया कि तालाब को नाले से जोड़ने पर समस्या का समाधान हो जाएगा। पार्षद ने तालाब के सौंदर्यीकरण करने की भी मांग रखी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और नाले से निकासी जोड़ने के लिए चीफ इंजीनियर को योजना बनाने एवं एक माह में कार्य करने के निर्देश दिए। जन चौपाल में मेयर, म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय, एसबीएम नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, जीएम जलकल बीएन सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।















