नगर निगम मौन पानी निकासी पर चीखेगा कौन

पिछले पांच साल से दबंगों ने बंद कर रखी है नाली

नगर निगम, शहर विधायक और मेयर से भी की लिखित शिकायत

मिट्टी और रोड़ा से नाली पाटने से घरों के आगे व सड़क पर जलभराव

उदय भूमि ब्यूरो
अश्वनी शर्मा, बरेली। पिछले पांच साल से पानी निकासी की समस्या से कालोनी के लोग त्रस्त हैं, जबकि नगर निगम अधिकारी व जन प्रतिनिधि मस्त हैं। स्थानीय लोगों ने दबंगों द्वारा नाली पाटे जाने की शिकायत कई बार लिखित रूप से म्युनिसिपल कमिश्नर, बरेली और शहर विधायक व मेयर से की। लेकिन मजाल है कि कानों पर जूं रेंगी हो। लाख कोशिशों के बाद भी लोग बदबूदार पानी से भरी नालियों की बदबू से परेशान हैं। यही नहीं, पानी में पनपने वाले मच्छरों के प्रकोप से भी लोग जूझ रहे हैं।

यह भी पढ़े : जन चौपाल में बोल लोग बंदरों से निजात दिलाओ मेयर साहिबा !
बता दें पीलीभीत रोड स्थित सुरेश शर्मा नगर एक्सटेंशन पार्ट थर्ड में 2015 में होली चौराहे से अरोड़ा के घर तक सड़क निर्माण हुआ। जिसमें नगर निगम के मानचित्र में होली चौराहे पर पुलिया और पानी निकासी के लिए सड़क के दोनों तरफ नाली निर्माण होना साफ साफ दर्शाया गया था। वहीं मानचित्र में एसएसबी इंटर कालेज की तरफ जाने वाली नाली में उस नाली को जोडऩा भी दर्शाया गया था। लेकिन कालोनी में रहने वाले कुछ दबंगों लोगों और ठेकेदार ने मिलकर होली चौराहे से एसएसबी इंटर कालेज की ओर नाली नहीं जुडऩे दी और ना ही होली चौराहे पर पुलिया निर्माण होने दिया। लोगों द्वारा बार बार शिकायत करने पर नगर निगम अधिकारी तो आते थे, लेकिन उन दबंग लोगों के घर चाय पीकर वहीं से वापस लौट जाते थे। लाख कोशिशों के बाद भी पानी की समस्या दूर नहीं हुई। सरकारी तंत्र और दबंगों के आगे जनता की आवाज दबा दी गई। इस बीच कई मयुनिसिपल कमिश्नर की अदलाबदली हो गई, लेकिन पानी निकासी की समस्या जस की तस बनी रही। जब पानी निकासी की समस्या ज्यादा बढ़ गई तो एक बार फिर तीन महीने पहले आक्रोशित स्थानीय लोगों ने म्युनिसिपल कमिश्नर अभिषेक आनंद को पानी निकासी, नई चौड़ी नाली का निर्माण और नाली खुलवाने को लेकर प्राथना पत्र दिया। अब तीन महीने बीतने के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो सका है।

दो साल पहले शहर विधायक अरून कुमार से इस मामले की लिखित शिकायत की। उन्होंने प्राथना पत्र पर समस्या को दूर करने के लिए लिखकर अपने साइन कर पत्र मेयर और उस वक्त के म्युनिसिपल कमिश्नर को देने को कहा था। जिस पर पत्र भेजा। लेकिन उसके बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। या यह कहें कि पानी निकासी की समस्या कुछ दबंग लोगों की भेंट चढ़ गई।

यह भी पढ़े : नालों के सफाई की सच्चाई परखने पहुंच गये म्युनिसिपल कमिश्नर

सुरेश शर्मा नगर एक्सटेंशन पार्ट थर्ड में होली चौराहे से पहले नाली को कुछ दबंग लोगों ने मिट्टी, रेता, रोड़ा और पत्थर डालकर पाट रखा है। वहीं होली चौराहे से एसएसबी इंटर कालेज रोड की ओर दबंग लोगों ने नाली को पाटकर पक्का चबूतरा तक बना रखा है। इसको लेकर कई बार स्थानीय लोगों में कहासुनी भी हो चुकी है। लेकिन नगर निगम के मौन से लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है।
वहीं इस समस्या पर स्थानीय निवासी दिनेश चंद्र बंसल ने बताया कि कालोनी में पानी निकासी की समस्या बहुत बढ़ी है। इसकी वजह से सड़क पर जल भराव होने से सड़क तक खराब हो गई है। कुछ दबंग लोगों की वजह से आम आदमी परेशान है। जबकि नगर निगम मौन धारण किए बैठा है।

स्थानीय निवासी सतेंद्र गंगवार का कहना है कि पिछले पांच साल साल से पानी की समस्या से लोग त्रस्त हैं, लेकिन नगर निगम अधिकारियों व दबंगों की सांठगांठ होने की वजह से कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

मेरे संज्ञान में पिछले पांच साल से यह मामला है। लोगों की इस समस्या को लेकर कई बार म्युनिसिपल कमिश्नर और नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया। लेकिन उनकी भी कोई सुनवाई नगर निगम में नहीं है। हालांकि जल्दी ही इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा। ऐसे संकेत नगर निगम से मिल रहे हैं।
नरेश पटेल, पार्षद वार्ड नंबर -65