प्रताप विहार बनेगा शहर का नया मॉडल कॉरिडोर, 4.70 करोड़ की सौंदर्यीकरण परियोजना का शुभारंभ

-डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
-आधुनिक लैंडस्केपिंग, आकर्षक थीम और मजबूत फुटपाथ से मिलेगा स्मार्ट लुक
-स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर निर्माण की दिशा में बड़ा कदम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के सुनियोजित विकास और आधुनिक शहरी स्वरूप को मजबूत करने की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रताप विहार योजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक प्रस्तावित सौंदर्यीकरण परियोजना का रविवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया। लगभग 4.70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली यह परियोजना क्षेत्र की पहचान को पूरी तरह बदलने वाली मानी जा रही है। परियोजना का उद्घाटन महापौर सुनीता दयाल, शहर विधायक संजीव शर्मा तथा जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों ने इसे शहर के सौंदर्यीकरण अभियान का महत्वपूर्ण चरण बताया। सौंदर्यीकरण योजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक सड़क के दोनों ओर स्थित डिवाइडरों, सेंट्रल वर्ज तथा प्रमुख चौराहों का समग्र विकास किया जाएगा।

चयनित स्थानों पर विशेष रूप से डिजाइन की गई आकर्षक पत्थर संरचनाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें एक स्थान पर मशाल आधारित थीम विकसित की जाएगी, जो क्षेत्र को सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान प्रदान करेगी। अन्य स्थानों पर कलात्मक पत्थर आकृतियां और सजावटी संरचनाएं स्थापित कर पूरे मार्ग को दर्शनीय बनाया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं बल्कि नागरिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। फुटपाथों को मजबूत और व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन सुविधा मिल सके। सेंट्रल वर्ज का पुनर्विकास कर हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी तथा आधुनिक लैंडस्केपिंग के माध्यम से मार्ग को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद यह मार्ग अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सौंदर्यपूर्ण दिखाई देगा। शहर विधायक संजीव शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक इलाके को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध विकास ही आधुनिक शहर की पहचान होता है और प्रताप विहार क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है ताकि नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम और प्राधिकरण मिलकर शहर के समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण परियोजनाएं केवल शहर की बाहरी सुंदरता ही नहीं बढ़ातीं बल्कि नागरिकों को बेहतर वातावरण, सुरक्षित आवागमन और स्वच्छ परिवेश भी प्रदान करती हैं। ऐसे कार्यों से शहर की छवि राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि प्राधिकरण का लक्ष्य गाजियाबाद को आधुनिक, सुव्यवस्थित और रहने योग्य शहर के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, हरित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस प्रकार की परियोजनाएं शहर को नई पहचान देने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देती हैं। मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने इस परियोजना को प्रताप विहार क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और नागरिकों में विकास के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा। स्थानीय निवासियों ने भी परियोजना का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि कार्य पूर्ण होने के बाद प्रताप विहार शहर के सबसे आकर्षक और सुव्यवस्थित क्षेत्रों में शामिल होगा।

शिलान्यास समारोह में जीडीए सचिव विवेक मिश्र, सहायक अभियंता योगेश पटेल, शहर मंडल अध्यक्ष महिम गुप्ता, प्रताप विहार मंडल अध्यक्ष हेमराज माहौर, विजयनगर मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, चेयरमैन संदीप पाल, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद गोपाल सिसोदिया, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद सुनील यादव, पार्षद भगवत गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि प्रताप विहार क्षेत्र एक आधुनिक, आकर्षक और व्यवस्थित शहरी कॉरिडोर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। यह पहल गाजियाबाद को स्मार्ट और सुंदर शहर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।