प्रधानमंत्री मोदी ने यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 का किया भव्य उद्घाटन

-यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्टाल बने आकर्षण का केंद्र
-हॉल नंबर 03: उद्योग, नवाचार और आधुनिक प्रौद्योगिकी का अद्भुत संगम

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट एक्सहिबिशन सेंटर आज एक ऐतिहासिक मौके का साक्षी बना, जब यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 के तीसरे संस्करण का गुरुवार को भव्य उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी (औद्योगिक विकास मंत्री) भी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह और स्टालों के निरीक्षण ने उद्योग और नवाचार के क्षेत्र में यूपी के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को प्रदर्शित किया। प्रधानमंत्री मोदी, सीएम योगी ने हॉल नंबर 03 का दौरा किया, जहां उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैवेल्स ग्रुप, मिंडा स्पार्क ग्रुप, इंटरनेशनल फिल्म सिटी सहित कई प्रमुख स्टालों का अवलोकन किया। वहीं, मंत्री नंदी ने भी यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के स्टाल का विस्तार से निरीक्षण किया और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। मंत्री नंद गोपाल नंदी ने हॉल नंबर 03 में लगाये गए यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के स्टाल का विस्तार से अवलोकन किया।

उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल परियोजना, प्राधिकरण द्वारा चल रही विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा, प्राधिकरण को आवंटित क्षेत्र में लगाए गए अन्य स्टॉल्स जैसे एसएईएल, इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया और उपस्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 के इस आयोजन में यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के स्टालों का अवलोकन करके मुझे अत्यंत खुशी हुई। इन परियोजनाओं में निवेश, औद्योगिक विकास और नवाचार की अपार संभावनाएँ हैं। हम राज्य में उद्योग और व्यापार के लिए हर संभव सहयोग कर रहे हैं, और ये स्टाल हमारे औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। मैं सभी कंपनियों और प्राधिकरण की टीम को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई देता हूँ। यह फेयर उद्योग और निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाने में मदद करेगा।

स्टाल पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार भाटिया (विशेष कार्याधिकारी), शैलेंद्र कुमार सिंह (विशेष कार्याधिकारी), नंदकिशोर सुंदरियाल (सीनियर स्टाफ ऑफिसर), स्मिता सिंह (एजीएम, इंडस्ट्री) ने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री नंदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और स्टालों पर प्रदर्शित परियोजनाओं के महत्व और संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक विकास और नवाचार को बढ़ावा देना है। इस फेयर में हमारे स्टाल पर प्रदर्शित परियोजनाओं और मॉडलों के माध्यम से हम उद्योगपतियों, निवेशकों और आम जनता को क्षेत्र की संभावनाओं से अवगत करा रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, सेमीकंडक्टर पार्क, एजुकेशनल हब और मेडिकल डिवाइसेस पार्क जैसी परियोजनाओं का उद्देश्य न केवल औद्योगिक विकास को तेज करना है, बल्कि युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए नए अवसर उत्पन्न करना भी है। हमें खुशी है कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हमारे स्टाल का अवलोकन किया और हमारे प्रयासों की सराहना की। यह हमें और बेहतर करने की प्रेरणा देता है।

हॉल नंबर 03: नवाचार और उद्योग का संगम
हॉल नंबर 03 में स्थापित यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के स्टाल ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्टाल पर प्रदर्शित परियोजनाओं और मॉडलों ने व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम जनता को आकर्षित किया।
• व्यू फिल्म सिटी स्टाल: अभिनेता और निर्माता बोनी कपूर, अर्जुन बोनी कपूर, आशीष भूटानी।
• नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्टाल: क्रिस्टोफ शेलमैन (सीईओ, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड), शेखर अग्रवाल, प्रिया गोल्ड ग्रुप के निदेशक, एम.एल. जायसवाल (डीएस ग्रुप), हैवेल्स ग्रुप के राजीव गोयल, वरुण बेवरेज ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी, हर्ष वर्धन गोविल (सीओओ/बिजनेस हेड, एसएएल ई ग्रुप)। प्रधानमंत्री और उद्योग जगत की हस्तियों ने यमुना प्राधिकरण की परियोजनाओं की सराहना की।

स्टालों पर प्रदर्शित प्रमुख परियोजनाएं
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के स्टाल में प्रदर्शित आकर्षणों ने उद्योग, निवेश और तकनीकी नवाचार की झलक पेश की। प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं:
• इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल और उससे जुड़ी जानकारी
• भारत सरकार के सहयोग से विकसित मेडिकल डिवाइसेस पार्क की प्रगति
• इंटरनेशनल फिल्म सिटी परियोजना, प्रस्तावित फिनटेक सिटी, सेमीकंडक्टर पार्क, एजुकेशनल हब, और प्रस्तावित हेरिटेज सिटी परियोजना
• आगंतुकों का ध्यान खींचने वाला अनुष्का रोबोट, जो नवाचार और तकनीक का प्रतीक बना
सहभागी कंपनियां: प्रियागोल्ड, एसएईएल सोलर, एनएईसी क्लस्टर, मिंडा स्पार्क, हैवेल्स, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, एमजीएम एजुकेशनल ग्रुप, एमिटी एजुकेशनल ग्रुप, पतंजलि ग्रुप, टॉय एसोसिएशन्स, इंगटॉंग कंपनी, मेडिकल डिवाइसेस पार्क क्लस्टर, अलेंजर, पॉलीमेडिक्योर, मेडिसिस, सियों मेड़, रोमसन, अलाइड मेडिकल, नारंग, मधु इंस्ट्रूमेंट्स।

व्यापार और निवेश के लिए नया अवसर
यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड फेयर ने उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उद्योग, व्यापार और निवेश के लिए नया मंच तैयार किया। हॉल नंबर 03 में प्रदर्शित मॉडल और परियोजनाएं यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक परियोजनाओं की झलक देती हैं।

विशेष आकर्षण:
• इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, सेमीकंडक्टर पार्क और एजुकेशनल हब के मॉडलों का लाइव प्रदर्शन
• प्रगतिशील औद्योगिक तकनीक और निवेश संभावनाओं पर जानकारी
• अनुष्का रोबोट और इंटरैक्टिव डिस्प्ले, जो बच्चों और युवाओं का ध्यान आकर्षित कर रहा है

अभिनेता और निर्माताओं ने की सराहना:
अभिनेता और निर्माता बोनी कपूर ने कहा कि इस फेयर में फिल्म सिटी स्टाल देखकर बहुत अच्छा लगा। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में इस तरह के आधुनिक और बहुआयामी प्रोजेक्ट्स देखकर यह स्पष्ट होता है कि उत्तर प्रदेश में कला, फिल्म और मीडिया के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएँ हैं। ऐसे प्लेटफार्म्स नए कलाकारों और फिल्म निर्माताओं के लिए अवसर प्रदान करते हैं।
अभिनेता अर्जुन बोनी कपूर ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और इंटरनेशनल फिल्म सिटी के स्टाल पर प्रदर्शित योजनाओं ने मुझे काफी प्रभावित किया। यह दिखाता है कि नवाचार और व्यापार को मिलाकर कैसे क्षेत्र का समग्र विकास किया जा सकता है। मुझे उम्मीद है कि इस तरह के प्रयास फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री को भी नई दिशा देंगे।
आशीष भूटानी ने कहा कि इस स्टाल पर तकनीकी नवाचार और परियोजनाओं की प्रस्तुति देखकर प्रेरणा मिली। उत्तर प्रदेश में निवेश और उद्योग के विकास के साथ-साथ कला और फिल्म उद्योग को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। यह फेयर नए रुझानों और संभावनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।