नवाज शरीफ की पार्टी के नेता पर निशाना
इस्लामाबाद। पड़ोसी मूल्क पाकिस्तान में आजकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान चर्चाओं में हैं। प्रधानमंत्री मोदी और विंग कमांडर वर्धमान के पोस्टर लाहौर की सड़कों पर नागरिकों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर रहे हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता अयाज सादिक के विरोध में यह पोस्टर लगाए गए हैं। सादिक को देशद्रोही कराकर भारत का समर्थक करार दिया गया है। पाकिस्तान के लाहौर में सड़कों पर जगह-जगह लगे पोस्टर में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग के नेता अयाज सादिक का फोटो भी लगा है। दरअसल यह पोस्टर अयाज सादिक के खिलाफ लगाए गए हैं। पोस्टरों में सादिक को कौम का गद्दार बताकर मीर जाफर से उनकी तुलना की गई है। नवाज शरीफ की पार्टी के नेता अयाज सादिक ने कुछ दिन पहले पाकिस्तानी संसद में विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान की रिहाई को लेकर इमरान खान सरकार की कलई खोली थी। अयाज के निर्वाचन क्षेत्र लाहौर की सड़कों के किनारे इन पोस्टरों में विंग कमांडर अभिनंदन और पीएम मोदी की तस्वीरें जान-बूझकर लगाई गई हैं। इसमें ऊर्दू में अयाज सादिक को देशद्रोही करार दिया गया है। कुछ पोस्टरों में सादिक को वर्धमान के रूप में दिखाया गया है। कुछ पोस्टरों में उन्हें भारत समर्थक भी करार दिया गया है। उधर, पाक के गृह मंत्री (आंतरिक मंत्री) एजाज अहमद शाह ने जनसभा के दरम्यान कहा कि अयाज सादिक को हिंदुस्तान चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी फौज के खिलाफ जो बात सादिक ने संसद में कही है, उसे वह अमृतसर जाकर कहें। समूचे पाकिस्तान में अयाज सादिक के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इस मुद्दे पर सियासत काफी गरमाई हुई है। हालांकि अयाज सादिक अपनी बात पर कायम हैं।
















