अमरिंदर बोले, किसान आंदोलन से राष्ट्रीय सुरक्षा पर असर
नई दिल्ली। किसान आंदोलन के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में हैं। उन्होंने वीरवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। कैप्टन अमरिंदर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए भी वक्त मांगा है। गृह मंत्री शाह से मुलाकात के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि सरकार और किसानों के मध्य जल्द कोई हल निकलना चाहिए। हम इस विवाद का अतिशीघ्र समाधान चाहते हैं। किसानों के आंदोलन के कारण पंजाब की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी असर पड़ता नजर आ रहा है। बता दें कि कृषि कानूनों के खिलाफ आयोजित किसान आंदोलन में पंजाब के किसान भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। बड़ी संख्या में किसान पंजाब से सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली पहुंचे हैं। उधर, दिल्ली के विज्ञान भवन में सरकार और किसानों के मध्य वार्ता चल रही है। किसानों ने लिखित में अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखी हैं। इस बैठक से पहले केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि आज किसानों से चौथे दौर की चर्चा हो रही है। उन्हें उम्मीद है कि सकारात्मक नतीजा निकलेगा। वहीं, किसानों ने सरकार के समक्ष डाफ्ट में विभिन्न मुद्दों को उठाया है। किसानों ने तीनों कृषि कानून वापस लेने, वायु प्रदूषण के कानून में बदलाव वापस लेने, विद्युत बिल के कानून में बदलाव करने, एमएसपी पर लिखित में भरोसा देने, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग पर पुनर्विचार किए जाने एवं डीजल की कीमत को कम करने आदि मांग की हैं। विज्ञान भवन में बैठक के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। किसान आंदोलन का आज 8वां दिन है। किसान आंदोलन से निपटने को बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। वहीं, दिल्ली के सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा बरकरार है। किसानों ने कहा है कि यदि बातचीत से हल नहीं निकलता तो वह पुलिस बैरिकेड तोड़कर दिल्ली के भीतर घुस जाएंगे।
















