भारती सिंह और करिश्मा प्रकाश से जुड़ा है मामला
मुंबई। बॉलीवुड में ड्रग्स कनेक्शन की जांच में जुटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम अब खुद विवादों में घिरती दिखाई दे रही है। ड्रग्स प्रकरण में फंसे कुछ नागरिकों की कथित तौर पर मदद करने पर एनसीबी के 2 अफसर घिर गए हैं। दोनों अफसरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। इस कार्रवाई से एनसीबी में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक कॉमेडियन भारती सिंह को बेल मिलने के प्रकरण में एक जांच अधिकारी की भूमिका की जांच हो रही है। भारती और उनके पति हर्ष लिम्बाचिया की जमानत के दरम्यान एनसीबी की टीम कोर्ट में मौजूद नहीं थी। ना कॉमेडियन दंपति की बेल को अपोज किया गया था। इसके बाद हर्ष लिम्बाचिया और भारती सिंह को जमानत मिल गई। बता दें कि इस प्रकरण में एसीबी ने एडीपीएस कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें मांग की गई कि निचली अदालत द्वारा दी गई बेल को खारिज किया जाए। इसके साथ भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया की कस्टोडियल इंट्रोगेशन के लिए अपील भी की गई है। जिस पर अगले सप्ताह सुनवाई होनी है। उधर, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश को एंटीसिपेट्री बेल मिलने के मामले में दूसरे जांच अधिकारी की संदेहास्पद भूमिका की जांच हो रही है। दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा के घर एनसीबी की रेड के दरम्यान 3 सीबीडी ऑइल और गांजा की कंजप्शन क्वॉन्टिटी बरामद हुई थी। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने को करिश्मा ने एंटीसिपेट्री बेल डाली थी। अब तक वह एंटीसिपेट्री बेल पर बाहर हैं। इन दोनों प्रकरण में 2 जांच अधिकारी संदेह के घेरे में हैं। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के आदेश पर 2 जांच अफसरों को सस्पेंड कर उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से एनसीबी सक्रिय है। वह बॉलीवुड में ड्रग्स कनेक्शन की जांच कर रही है।
















