-जनसुविधा सर्वोपरि है, जनता को जल्द मिलेगी जाम से राहत: एन.जी. रवि कुमार
-स्लैब पूरा होते ही खुलेगा अंडरपास का रास्ता
-सर्विस रोड और फुटओवर ब्रिज पर भी विशेष निर्देश
-बस-वे प्रोजेक्ट इसी वित्तीय वर्ष में पूरा करने का अल्टीमेटम
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट का चार मूर्ति चौक, जो लंबे समय से ट्रैफिक जाम का पर्याय बन चुका है, अब जल्द ही वाहन चालकों को आंशिक राहत देने वाला है। यहाँ बन रहा बहुप्रतीक्षित अंडरपास अब अपनी महत्वपूर्ण अवस्था में पहुँच गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने मंगलवार को खुद मौके पर पहुँचकर पूरे प्रोजेक्ट का बारीकी से निरीक्षण किया। सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अंडरपास का स्लैब (छत) कार्य तुरंत पूरा कर वाहनों के लिए खोल दिया जाए, ताकि लोग आंशिक तौर पर राहत महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि चार मूर्ति चौक पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है और ऐसे में जनता को इंतजार करवाना किसी भी हाल में उचित नहीं है। निरीक्षण के दौरान सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने कहा कि चार मूर्ति चौक का अंडरपास प्रोजेक्ट ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जीवनरेखा है।
हमारा प्रयास है कि जनता को राहत देने के लिए इसे आंशिक रूप से खोल दिया जाए। जाम से जूझ रहे लोगों को और इंतजार न करना पड़े, यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अंडरपास का पूरा काम अगले छह महीनों में पूरा होगा, लेकिन स्लैब तैयार होते ही वाहनों को इस पर चलने की अनुमति दे दी जाएगी। सीईओ एन.जी. रवि कुमार अंडरपास स्थल पर पहुँचे और चारों ओर पैदल घूमकर कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से काम की गुणवत्ता, समयबद्धता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने को कहा। वर्क सर्किल-1 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने उन्हें कार्य प्रगति से अवगत कराया। इस पर सीईओ ने कहा कि सड़क और अंडरपास का काम जनता की सुविधा से जुड़ा है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सर्विस रोड और फुटओवर ब्रिज पर भी दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पाया कि कई सर्विस रोड की हालत खराब है। उन्होंने तुरंत इन्हें दुरुस्त करने और चौड़ाई बढ़ाने के आदेश दिए। इसके साथ ही उन्होंने फुटओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया और वहां लगी लिफ्ट का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीईओ का कहना था कि सड़क और यातायात व्यवस्था केवल वाहनों तक सीमित नहीं है, पैदल यात्रियों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
60, 80 और 130 मीटर रोड का भी लिया जायजा
सीईओ एन.जी. रवि कुमार अंडरपास का निरीक्षण करने के बाद 60 मीटर रोड पर पहुँचे। उन्होंने सर्विस रोड को चौड़ा करने का आदेश दिया। इसके बाद उन्होंने 80 मीटर रोड का जायजा लिया, जो ऐस सिटी के पास से 60 मीटर और 130 मीटर रोड को जोड़ती है। यहाँ करीब 100 मीटर हिस्से में जमीन विवाद के कारण कार्य अटका हुआ है। सीईओ ने अधिकारियों को कहा कि इस विवाद का शीघ्र समाधान कर कार्य पूरा कराया जाए। 130 मीटर रोड पर पहुँचकर उन्होंने बस-वे प्रोजेक्ट को भी देखा और कहा कि बस-वे का कार्य किसी भी स्थिति में इसी वित्तीय वर्ष में पूरा किया जाए, ताकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को गति मिल सके।
एसीईओ भी कर चुके हैं निरीक्षण, निवासियों ने रखी थी मांग
गौरतलब है कि विगत रविवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने भी चार मूर्ति चौक का दौरा किया था। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के साथ ही आसपास की सड़कों का निरीक्षण किया। निवासियों ने उनसे सड़क दुरुस्त कराने और सेंट्रल वर्ज पर आरसीसी दीवार बनाने की मांग की थी। इस पर एसीईओ ने तत्काल आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
वाहन चालकों को मिलेगी राहत
चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का आंशिक रूप से खुलना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हजारों वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। सुबह-शाम भारी ट्रैफिक में फंसने वाले लोगों को इससे अस्थायी ही सही, लेकिन बड़ी राहत मिलेगी। वहीं अंडरपास का पूरा निर्माण कार्य पूरा होने पर यह चौराहा जाम से पूरी तरह मुक्त हो सकता है।

सीईओ
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
चार मूर्ति चौक का अंडरपास ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जरूरत है, इसे किसी भी हाल में समय पर पूरा किया जाएगा। जनता को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है, इसलिए हमने निर्णय लिया है कि स्लैब का काम पूरा होते ही अंडरपास को आंशिक रूप से खोल दिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता है कि लोगों को जल्द राहत मिले। निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि रोड और सर्विस रोड को दुरुस्त कर जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएं। बस-वे और 60, 80 तथा 130 मीटर रोड का कार्य भी इसी वित्तीय वर्ष में हर हाल में पूरा करना होगा।
एन.जी. रवि कुमार
सीईओ
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

















