नामचीन हेयर स्टाइलिस्ट सूरज गोदांबे गिरफ्तार

कोकीन बरामद, मायानगरी में ड्रग्स की चेन

मुंबई। बॉलीवुड में मादक पदार्थों के सेवन कर जांच-पड़ताल के क्रम में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को बड़ी सफलता मिली है। एनसीबी ने नामचीन हेयर स्टाइलिस्ट सूरज गोदांबे को गिरफ्तार किया है। गोदांबे के पास से करीब 11 ग्राम कोकीन भी बरामद हुई है। आरोपी से पूछताछ चल रही है। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में डग्स एंगल की जांच-पड़ताल में जुटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) निरंतर चौंकाने वाले खुलासे कर रही है। एनसीबी ने अब नामचीन हेयर स्टाइलिस्ट सूरज गोदांबे को 11 ग्राम कोकीन के साथ दबोचा है। मेकअप आर्टिस्ट इंडस्ट्री में सूरज जाना-पहचाना नाम है। एनसीबी को गोदांबे से पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगने की उम्मीद है। सूरज गोदांबे बॉलीवुड के मशहूर प्रोडक्शन हाउस में मेकअप विभाग का हेड है। सूरज का मुंबई में नामचीन हस्तियों के साथ संपर्क है। एनसीबी ने मुंबई में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दरम्यान ड्रग्स आपूर्ति से जुड़े 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से ढाई करोड़ रुपए की चरस बरामद की गई। एनसीबी ने 9 दिसंबर को रीगल महाकाल नामक ड्रग्स सप्लायर दबोचा था। वह दूसरे ड्रग सप्लायर अनुज केशवानी के जरिए ड्रग्स सप्लाई करता था। अनुज केशवानी, रिया चक्रवर्ती और शोविक चक्रवर्ती को सीधे ड्रग्स पहुंचाता था। बॉलीवुड में ड्रग्स के चक्कर में अब तक कई नामचीन चेहरे बेनकाब हो चुके हैं। एनसीबी ने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, सारा अली खान व श्रद्धा कपूर से भी पूछताछ की थी। इसके अलावा कॉमेडियन दंपति भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया को गिरफ्तार किया गया था। दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश भी एनसीबी की रडार पर हैं। कॉमेडियन दंपति को जमानत मिलने के मामले में एनसीबी ने लापरवाही बरतने पर अपने 2 अफसरों को भी सस्पेंड कर दिया था। एनसीबी की सक्रियता के कारण मायानगरी में ड्रग्स सिंडिकेट के होश फाख्ता हैं। आगे और खुलासे होने की संभावना है।