नगर आयुक्त से बृज विहार के क्षेत्र वासियों ने की मुलाकात, नाले के कायाकल्प पर हुआ मंथन

-बृज विहार नाले की कायाकल्प के लिए भीख मांगने की नहीं, कार्य योजना में सहयोग की जरूरत: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से सोमवार को जनसुनवाई के दौरान बृज विहार क्षेत्रवासियों ने मुलाकात की। इस दौरान इंजीनियर हेमंत भारद्वाज जिनके द्वारा नाले की कायाकल्प के लिए सड़क पर भीख मांगने का प्रदर्शन किया, वह भी पहुंचे। मुलाकात सकारात्मक रही, साथ ही नगर आयुक्त ने बृज विहार क्षेत्र वासियों को मोटिवेट किया और सकारात्मक सोच के साथ नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों में सहयोग की अपील भी की। बृज विहार नाले के कायाकल्प के लिए बनाई जा रही कार्य योजना में सहयोग के लिए भी कहा गया। नगर आयुक्त ने कहा नाले में उतरकर या नाले की कायाकल्प के लिए भीख मांग कर समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए नगर निगम की कार्य योजना में सहयोग की आवश्यकता है।

नगर आयुक्त ने हेमंत भारद्वाज व अन्य टीम को मोटिवेट किया, निर्माण, स्वास्थ्य और जलकल विभाग के साथ क्षेत्र वासियों के सुझाव को भी शामिल करते हुए रिपोर्ट कार्यवाही के लिए शासन को भेजी जाएगी, अधिकारियों को निर्देशित किया। इंजीनियर हेमंत भारद्वाज द्वारा टीम सहित नगर निगम का सहयोग करने के लिए कदम आगे बढ़ाया। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग, जलकल विभाग के साथ-साथ इंजीनियर हेमंत भारद्वाज भी नाले की कायाकल्प कार्य योजना में सहयोग करेंगे। बृज विहार व अन्य क्षेत्र वासियों को एकजुट करते हुए निगम के कार्यों में सहयोग का निर्णय लिया। नगर निगम निरंतर शहर की स्वच्छता को बरकरार बनाए हुए हैं। इसी क्रम में नालों की सफाई भी कराई गई। नियमित बृज विहार नाले की सफाई भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाती रही है।

बृज विहार क्षेत्र वासियों को नाले की समस्या से राहत दिलाने के लिए पूर्व में भी कार्य किए गए हैं। इस प्रकार पुन: योजना बनाते हुए शासन को भी अवगत कराया जाएगा। जिसके लिए नगर निगम द्वारा इंजीनियर हेमंत भारद्वाज व अन्य क्षेत्र वासियों की विचारों का भी स्वागत किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को जागरूक क्षेत्र वासियों से वार्ता करते हुए आने वाली समस्याओं के समाधान पर मासिक बैठक के लिए भी निर्देश दिए। मौके पर वरिष्ठ स्वास्थ्य प्रभारी अपर नगर आयुक्त अवनिंद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी उपस्थित रहे।