बिहार : चुनाव परिणाम से पहले राजद उत्साहित

कार्यकर्ताओं से जीत का जश्न न मनाने की अपील

पटना। बिहार विधान सभा चुनाव के परिणाम सामने आने में अब ज्यादा समय शेष नहीं है। एग्जिट पोल आने के बाद महागठबंधन खेमा आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रही है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने नतीजे आने से पहले कार्यकर्ताओं को हिदायत दी है। कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने का आग्रह भी किया गया है। राजद की तरफ से इस बावत ट्वीट किया गया है। ट्वीट में लिखा है कि सभी कार्यकर्ता स्मरण रखें 10 नवंबर को चुनाव परिणाम कुछ भी हों उसे पूरे संयम, सादगी और शिष्टाचार से स्वीकारना है। अनुचित आतिशबाजी, हर्ष फायरिंग, प्रतिद्वंदियों अथवा उनके समर्थकों के साथ अशिष्ट व्यवहार इत्यादि किसी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा। 10 नवंबर को चुनाव परिणाम कुछ भी आएं, आपकी राजनीति की परिधि अथवा केंद्र में, लक्ष्य अथवा मार्ग में सिर्फ जन, जन-सुविधा और जन उत्थान ही हैं और रहेंगे। पार्टी ने सभी शुभचिंतकों व समर्थकों से विनम्र अनुरोध कर कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अपने जन्मदिन को सादगी से मनाने के निजी निर्णय का सम्मान कर आप घर पर रहें और आवास आकर व्यक्तिगत रूप से बधाई देने से बचें। 10 नवंबर को मतगणना हेतु अपनी सजग उपस्थिति क्षेत्र में बनाए रखें। उम्मीदवारों तक यह संदेश पहुंचाने के लिए 4 सदस्यीय टीम बनाई गई है। टीम में सुनील सिंह, संजय यादव, श्याम रजक और जगदानंद सिंह शामिल हैं। दरअसल 9 नवंबर को तेजस्वी यादव का जन्मदिन भी है। इस पर जगदानंद सिंह ने कहा कि जैसे पहले जन्मदिन मनाया जाता था, वैसे ही इस बार भी मनाया जाएगा। इस बीच जीत की उम्मीद में पटना में राजद कार्यालय में साफ-सफाई शुरू हो गई है। उधर, राजद के प्रदेशाध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि जनता जीती है, जश्न जनता मनाएगी। यही संदेश सबको भेजा गया है। इसके अलावा कोई जश्न नहीं होगा।