उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी में रेडीमेड गारमेंट निर्माण क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलने जा रहा है। मेन्स गारमेंट बनाने वाली सैब्स एक्सपोर्ट्स इंटरनेशनल प्रालि ने यहां 60 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। कंपनी के इस निवेश से क्षेत्र में लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। यमुना अथॉरिटी ने मंगलवार को कंपनी को एलओआई (लेटर ऑफ इंटेंट) जारी कर दी।
प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि सैब्स एक्सपोर्ट्स प्रीमियम स्मार्ट-कैजुअल निटेड परिधान तैयार करती है। कंपनी का मुख्य फोकस पुरुषों के कपड़ों के निर्माण पर है और वह अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादन करती है। कंपनी वर्तमान में यूरोप, अमेरिका और कनाडा सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों का निर्यात कर रही है। इसके अलावा देश के प्रमुख घरेलू ब्रांड्स के लिए भी निर्माण कार्य करती है। अभी सैब्स एक्सपोर्ट्स की उत्पादन इकाइयां नोएडा और ग्रेटर नोएडा में संचालित हो रही हैं।
बढ़ती मांग और निर्यात संभावनाओं को देखते हुए कंपनी ने यमुना सिटी में विस्तार का निर्णय लिया है। इस निवेश से यमुना सिटी के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। अथॉरिटी का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र वस्त्र एवं रेडीमेड गारमेंट उद्योग के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। यमुना सिटी में लगातार औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है, जिससे यह क्षेत्र निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।















