-14 भूतपूर्व सैनिक, 34 होमगार्ड्स व 20 पीआरडी सुरक्षकर्मियों की होगी नियुक्ति
गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण रोकने के लिए अब ठोस कदम उठाए जा रहे है। अवैध निर्माण को रोकने के लिए अब सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। जो अवैध निर्माण पर निगरानी रखने के साथ-साथ उसे रोकने का भी काम करेंगे। इसमें मुख्य रूप से भूतपूर्व सैनिक, होमगार्ड और पीआरडी के सुरक्षाकर्मी शामिल होंगे। इसके साथ ही इनमें से कुछ को जीडीए कार्यालय की सुरक्षा में भी तैनात किया जाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) क्षेत्र में आठ जोन है, जिसमें 26 से अधिक आवासीय योजनाएं हैं। इसके अलावा कई अन्य कॉलोनियां भी विकसित है। इन सभी में मानचित्र के विपरीत और अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए जीडीए अब सख्त कदम उठा रहा है।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इसके लिए सचिव और अपर सचिव को नई जिम्मेदारी भी दी है। साथ ही अवैध निर्माण रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड से प्राप्त 14 भूतपूर्व सैनिक, 34 होमगार्ड्स व 20 पीआरडी सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति भी की जा रही है। ताकि अवैध निर्माण पर कार्रवाई के दौरान यह मौजूद रहे। साथ ही इन्हें जीडीए कार्यालय की सुरक्षा में भी तैनात किया जाएगा। बता दें कि पिछले दिनों एक लोनी का व्यक्ति पिस्टल लेकर जीडीए उपाध्यक्ष के वेटिंग रूम तक पहुंच गया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया था। जीडीए में 23 अभियंता से लेकर अमीन तक सेवानिवृत्त अधिकारियों की नियुक्त होंगे। यह एक वर्ष के लिए संविदा पर रखे जाएंगे। तीन अधिशासी अभियंता, 16 अवर अभियंता (सिविल), चार अवर अभियंता (विद्युत), तीन लेखाकार, पांच उद्यान निरीक्षक, तीन अमीन रखे जाएंगे। इस पर जीडीए करीब 1.25 करोड़ रुपए खर्च करेगा।
















