बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर आयुक्त रात्रि में पहुंचे नंदी पार्क गौशाला

-ठंड से बचाव के लिए गोवंशों का रखा जाए विशेष ध्यान: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। बढ़ती ठंड को लेकर निगम की टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों का शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक गौशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही साफ सफाई का विशेष ध्यान देने के लिए कड़े निर्देश दिए। मौके पर मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह व अन्य टीम उपस्थित रही। नंदिनी पार्क एवं नंदी पार्क गौशाला में आश्रित 1926 गोवंश के ठंड से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

तिरपाल एवं अलाव की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही गुड़ का सेवन भी कराया जा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा व्यवस्थाओं को देखा गया। नियमित गोबर का उठान हो एवं साफ सफाई की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कहा गया। नगर निगम महापौर एवं नगर आयुक्त के नेतृत्व में निरंतर ठंड से बचाव के लिए निराश्रितों के लिए कार्यवाही कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक व अन्य संबंधित अधिकारी भी बढ़ती ठंड में आश्रय स्थलों एवं निगम गौशाला पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।