-एसआईआर अभियान में भागीदारी से मतदाता सूची होगी सटीक और अद्यतन: रविन्द्र कुमार माँदड़
– विशेष गहन पुनरीक्षण बैठक और प्रगति समीक्षा, बीएलओ और कर्मचारियों का किया सम्मान
-मतदाता जागरूकता और फॉर्म वितरण, वीआरसी सेंटर और ऑनलाइन सुविधा की दी जानकारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य की प्रगति और इसे शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए मीडिया से विस्तृत बैठक की। इस दौरान उन्होंने मीडिया बन्धुओं से फीडबैक लिया और जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र को समय पर भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को जमा कराएँ। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ 30 नवंबर को अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे, जहां फॉर्म लेकर जाने और जमा करने का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना या कटना स्वीकार्य नहीं है और इसके लिए सभी को सामूहिक रूप से सहयोग करना होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में निर्वाचकों से प्राप्त गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण कार्य लगातार चल रहा है और समय पर फॉर्म जमा होने से यह कार्य भी समय पर पूरा होगा। उन्होंने मीडिया के माध्यम से जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करें और उन्हें गणना प्रपत्र भरवाने और जमा कराने में मदद करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उन बीएलओ और कम्प्यूटर ऑपरेटरों को भी सम्मानित किया जो तेजी से कार्य कर रहे हैं।
प्रथम पुरस्कार पूजा रानी को दिया गया, उन्हें 10,000 का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त शालिनी अग्रवाल, पूनम शर्मा, अनुष्का चौधरी, विपिन कुमार गौड़, शिवलली, प्रतीक्षा अग्रवाल, ममता सिंह और शीतल चौधरी को 5,000-5,000 का प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया गया। इन सभी बीएलओ की सुपरवाइजर रेनू शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद रहीं। सिटी मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि इन विजेता कर्मचारियों को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 5-स्टार या 7-स्टार होटल में दो दिन का परिवारिक पैकेज भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपद में एसआईआर की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि गाजियाबाद की पांचों विधानसभाओं में कुल 3,089 बीएलओ और धौलाना क्षेत्र में 135 बीएलओ तैनात हैं। 29 नवंबर की सुबह 10 बजे तक कुल कार्य प्रगति 36.87 प्रतिशत रही।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र नहीं मिला है, उसके मुख्य कारण हो सकते हैं कि उनके द्वारा आवास बदला गया हो या उनके मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) पर पुराना या गलत पता अंकित हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मतदाता अपने गणना प्रपत्र को तहसील स्थित वीआरसी केंद्रों से प्राप्त कर सकते हैं। डीएम ने मतदाताओं को ऑनलाइन सुविधा के बारे में भी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जनता से विशेष अपील की कि वे अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करें, गणना प्रपत्र भरवाएं और समय पर जमा कराएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय पर सभी फॉर्म जमा होने से डिजिटलीकरण का कार्य भी समय पर पूरा होगा और जनपद की मतदाता सूची अद्यतन व सटीक रहेगी। डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का सहयोग और जागरूकता इस विशेष गहन पुनरीक्षण को सफल बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने मीडिया और जनपदवासियों से अपील की कि वे इस कार्य में पीछे न हटें और इसे पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करें।
ऑनलाइन जानकारी और सुविधा
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर निम्न कार्य कर सकते हैं।
• 18 वर्ष से ऊपर के युवा/युवती: फॉर्म 6 भरकर नया मतदाता कार्ड बनवाएं
• नाम हटाने के लिए: फॉर्म 7 भरें
• मतदाता कार्ड अपडेट/सुधार के लिए: फॉर्म 8 भरें
• एसआईआर फॉर्म ऑनलाइन भी भर सकते हैं
• 2003 से अब तक की मतदाता सूची, ईपीआईसी नंबर और अन्य निर्वाचन से संबंधित दस्तावेज प्राप्त करें। टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर या अपने विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी कार्यालय से जानकारी लें।
कहाँ से प्राप्त करें गणना प्रपत्र
• लोनी क्षेत्र: तहसील लोनी स्थित वीआरसी केंद्र
• मोदीनगर क्षेत्र: तहसील मोदीनगर स्थित वीआरसी केंद्र
• सदर, साहिबाबाद, मुरादनगर और धौलाना क्षेत्र: सदर तहसील स्थित वीआरसी केंद्र।
विधानसभावार प्रगति:
• लोनी: 530 बीएलओ, प्रगति 38.22 %
• मुरादनगर: 522 बीएलओ, प्रगति 43.74 %
• साहिबाबाद: 1,139 बीएलओ, प्रगति 27.39 %
• सदर: 511 बीएलओ, प्रगति 38.36 %
• मोदीनगर: 387 बीएलओ, प्रगति 52.68 %

















