आगरा में खनन माफिया के गुर्गों की गुंडई
लखनऊ। ताज नगरी आगरा में खनन माफिया के गुर्गों की गुंडई सामने आई है। बेखौफ गुर्गों ने सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ऐसे में पीडि़त की मौत हो गई। बाद में बदमाश ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर रफूचक्कर हो गए। वारदात की सूचना पाकर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। हत्यारोपियों की तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है। जनपद आगरा के खेरागढ़ में रविवार को यह ह्दय विदारक वारदात प्रकाश में आई है। सैंया थाने में पुलिस को अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्थान से आगरा की तरफ आने की सूचना मिली थी। ऐसे में सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, सिपाही सोनू कुमार चौधरी, सुधीर, सूरज, सुनील और शिशुपाल गाड़ी में सवार होकर निकले। पुलिस टीम ने खेरागढ़-सैंया रोड पर खनन माफिया की प्रतीक्षा की। जब पुलिस टीम वापस रवाना होने लगी तभी खेरागढ़ क्षेत्र के गांव सोन का बड़ा नगला के पास 5-6 ट्रैक्टर-ट्रॉली आते दिखाई दिए। गाड़ी से उतर कर सिपाही सोनू ने ट्रैक्टर के आगे डंडा दिखा कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम भी पास में खड़ी थी। आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर को सिपाही सोनू के ऊपर चढ़ा दिया। इसके बाद बदमाश फायरिंग कर भाग गए। आस-पास के ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सोनू को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला, मगर तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक (नगर) बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि खनन माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाकर सिपाही की हत्या की है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहीद सिपाही सोनू कुमार चौधरी मूल रूप से अलीगढ़ के जट्टारी का रहने वाला था। सोनू चौधरी ने साल 2018 में पुलिस सेवा ज्वाइन की थी। वहीं, इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
















