मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण, 28.37 लाख से घटकर अब 20.19 लाख मतदाता

  • एसआईआर के पहले चरण में जिले से हटाए गए 8.18 लाख से अधिक मतदाता, साहिबाबाद में सबसे अधिक नाम कटे
  • नए वोटर अपने नाम सूची में जोड़ सकते हैं, फॉर्म-6 और फॉर्म-7 जमा करने की सुविधा जारी
  • फरवरी तक आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है, अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशन हेतु तैयार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद गाजियाबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का पहला चरण पूर्ण होने के बाद जिले में कुल 28.37 लाख मतदाता घटकर 20.19 लाख रह गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट ने बताया कि इस प्रक्रिया में मृतक, स्थानांतरण और अन्य श्रेणी के मतदाताओं को सूची से हटाया गया, जिससे सूची और अधिक पारदर्शी और वास्तविक हो गई। एसआईआर के पहले चरण में जिले के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का गहन विश्लेषण किया गया। इसके तहत 63,824 मृतक मतदाता, 3,19,838 अनट्रेस मतदाता, 3,59,889 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 31,787 पहले ही सूचीबद्ध और 51,781 अन्य श्रेणी के मतदाता सूची से हटाए गए। कुल मिलाकर 8.18 लाख से अधिक मतदाता सूची से कट गए। सौरभ भट्ट ने बताया कि सबसे अधिक नाम साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में हटाए गए, जहां 3,99,387 मतदाताओं को सूची से हटाया गया।

जबकि सबसे कम संख्या मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में रही, जहां 51,781 मतदाताओं के नाम हटाए गए। अन्य क्षेत्रों में लोनी में 1,39,489, मुरादनगर में 1,08,754, और गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 31,18,734 मतदाता सूची से हटाए गए। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रत्येक पोलिंग बूथ, तहसील और जिला मुख्यालय पर प्रकाशित कर दिया गया है। इसके बाद मतदाता आपत्ति और सुझाव दर्ज करवा सकते हैं, जिनका निस्तारण कर 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सौरभ भट्ट ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म संख्या-6 भरकर अपने नाम को मतदाता सूची में जोड़वा सकते हैं। इसके अलावा स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-6 और फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। सभी आवेदन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा सत्यापित कर अंतिम सूची में जोड़े जाएंगे।

सौरभ भट्ट ने जनता से अपील की कि फरवरी 2026 तक नए मतदाता अपने नाम जोडऩे और आपत्तियों के लिए सक्रिय रूप से आवेदन करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची सभी के लिए पारदर्शी और सटीक हो। उन्होंने कहा कि यह कदम चुनावी प्रक्रिया में भरोसा और लोकतांत्रिक अधिकार सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। इस एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से जनपद की मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन और वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी चुनावों में सभी पात्र मतदाता अपना मताधिकार स्वतंत्र रूप से और सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे।

जिले में मतदाता सूची का वर्तमान आंकड़ा:
• लोनी: कुल मतदाता 5,32,755, डिजिटाइजेशन के बाद 3,93,266, हटाए गए 1,39,489
• मुरादनगर: कुल मतदाता 4,59,698, डिजिटाइजेशन के बाद 3,50,944, हटाए गए 1,08,754
• साहिबाबाद: कुल मतदाता 10,42,469, डिजिटाइजेशन के बाद 6,43,088, हटाए गए 3,99,381
• गाजियाबाद: कुल मतदाता 4,68,304, डिजिटाइजेशन के बाद 3,49,570, हटाए गए 31,18,734
• मोदीनगर: कुल मतदाता 3,34,765, डिजिटाइजेशन के बाद 2,82,984, हटाए गए 51,781
• कुल मिलाकर: 28,37,991 से घटकर 20,19,852 और हटाए गए 8,18,139