-नगर आयुक्त ने सिटी जोन में स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने के लिए किया भौतिक निरीक्षण
गाजियाबाद। शहर में स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने एवं निर्धारित स्थल पर खोखे रखे जाने को लेकर अब जल्द ही वेंडर्स को ठिकाना मिल सकेगा। इसको लेकर नगर निगम मुख्यालय में आगामी 25 फरवरी को टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में होगी। बुधवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव आदि अधिकारियों के साथ सिटी जोन क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने के लिए मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि नगर निगम एवं जीडीए के बीच स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित किए जाने को लेकर तैयारी की जा रही है। इनके लिए स्थान चिन्हित किया गया हैं। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सिटी जोन क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, सिटी जोनल प्रभारी, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम अन्य टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने के लिए यह भी ध्यान रखा जाएगा कि इनकी वजह से शहर वासियों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके लिए नगर निगम के अलावा आवास एवं विकास परिषद,जीडीए से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है। ताकि स्ट्रीट वेंडर्र्स की समस्या का समाधान किया जा सकें। इससे ठेली-पटरी लगाने वालों को लाभ मिलेगा।
















