वेब-सीरीज मिर्जापुर के मेकर्स को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

कहानी में अश्लीलता दिखाने पर अदालत सख्त

नई दिल्ली। वेब-सीरीज मिर्जापुर पर उभरा विवाद थम नहीं पाया है। सुप्रीम कोर्ट ने अब वेब-सीरीज मिर्जापुर के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। वेब सीरीज में अश्लीलता का खुला प्रदर्शन करने पर यह नोटिस जारी किया गया है। अधिवक्ता की याचिका पर कोर्ट ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। नोटिस में वेब सीरीज मिर्जापुर की अभिनेत्री बीना त्रिपाठी के अभिनय की निंदा की गई है। याचिका में विशेष रूप से रसिका दुगल के चरित्र बीना के नौकर और उसके ससुर के साथ यौन संबंध होने पर आपत्ति जताई गई है। दरअसल वेब सीरीज में बीना के अपने ससुर के साथ शारीरिक संबंध दिखाए गए हैं। इसके अलावा नौकर के साथ भी बीना के यौन संबंध दिखाए हैं। याचिका कर्ता ने कहा है कि जनपद के नाम पर इस प्रकार शर्मनाक चीजें दिखाना मिर्जापुर की लगभग 30 लाख आबादी का अपमान है। कोर्ट से यह अनुरोध भी किया गया है कि किसी भी स्थान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मूल्यों को गलत तरीके से दिखाने पर रोक लगाने हेतु सख्त दिशा-निर्देश दिए जाने चाहिए। मिर्जापुर के निर्माताओं और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को चीफ जस्टिस एसए बोबडे की अध्यक्षता की बेंच ने यह नोटिस भेजा है। अधिवक्ता बिनय कुमार दास के जरिए सुजीत कुमार सिंह ने याचिका दायर की थी। बता दें कि इसके पहले भी कई वेब सीरीज पर ऐसे सवाल उठाए जा चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट से ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए सख्त कानून बनाने की मांग तेज हो रही है। मिर्जापुर जिले में वेब सीरीज निर्माता और प्लेटफार्म अमेजन प्राइम वीडियो के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है। अरविंद चतुर्वेदी ने सीरीज पर धार्मिक, सामाजिक और क्षेत्रीय भावनाओं को आहत करने का आरोप मढ़ा था। इस प्रकरण की जांच करने पुलिस टीम मुंबई भी गई थी। वेब सीरीज के खिलाफ धरना-प्रदर्शन भी किए गए हैं।