पंचायत चुनाव : वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण शुरू

परिसीमन से प्रभावित जिलों में विशेष अभियान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। चुनावी कार्यक्रम की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। पंचायत चुनाव के मद्देनजर परिसीमन से प्रभावित ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण का काम भी शुरू हो गया है। इसके तहत वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाएगा। जनपद गोंडा, संभल, मुरादाबाद और गौतमबुद्ध नगर में इस बार जिला पंचायत, ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायतों के वार्डों का पूर्ण परिसीमन किया गया है। अलबत्ता इन चारों जनपदों की पंचायतों की भौगोलिक स्थित पूर्णत: प्रभावित हुई है। इसके अलावा कुछ जनपदों में आंशिक परिसीमन के कारण प्रभावित पंचायतों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार के मुताबिक प्रभावित ग्राम पंचायतों के मतदाताओं की री-शफलिंग कर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की कंप्यूटरीकृत मतदाता सूची तैयार करने का काम शनिवार से शुरू हो गया है। यह कार्य 23 फरवरी तक चलेगा। तदुपरांत 24 फरवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 24 से 26 फरवरी के मध्य संबंधित पंचायतों के मतदाता अपनी मतदाता सूची का अवलोकन कर सकेंगे। 24 फरवरी से 2 मार्च के बीच दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 3 से 8 मार्च के दरम्यान इनका निस्तारण होगा। 9 से 14 मार्च के बीच निस्तारण के बाद सप्लीमेंट्री मतदाता सूची की पांडुलिपि तैयार की जाएंगी और उन्हें मूल मतदाता सूची में यथास्थान समायोजित किया जाएगा। इसी क्रम में 15 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 18 मार्च को राज्य निर्वाचन आयोग संभवत: पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। बता दें कि सूबे में जिला पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण वहां प्रशासकों की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों को सौंपी गई है। प्रत्येक जिला पंचायत में डीएम की निगरानी में काम हो रहा है।