-गुरु वंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और प्रेरक संबोधनों से गूंजा परिसर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आनंद औद्योगिक क्षेत्र, मोहन नगर स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में शुक्रवार को शिक्षक दिवस बड़े उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। महाविद्यालय की सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम समिति तथा भारतीय भाषा, संस्कृति एवं कला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का आगाज प्रात: 11:30 बजे माँ सरस्वती और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) निशा सिंह, सचिव विनीत गोयल और सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल का वातावरण आध्यात्मिकता और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत हो गया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत भाषण के साथ अपने गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गुरु वंदन, कविताएँ, गीत, नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियाँ और प्रेरक उद्बोधन शामिल रहे।
विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को अलग-अलग विशेष उपाधियाँ देकर उन्हें सम्मानित किया। इन अनोखी उपाधियों ने माहौल को रोचक और भावनात्मक बना दिया। अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. (डॉ.) निशा सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा एक शिक्षक का सही मार्गदर्शन शिष्य को जीवन की हर चुनौती से पार पाने की शक्ति देता है। शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को गढ़ते हैं। उन्होंने शिक्षकों से शैक्षणिक गुणवत्ता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया और छात्रों को अपने गुरुओं का सदैव सम्मान करने की सीख दी। महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल ने शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल एक परंपरा नहीं बल्कि हमारे सांस्कृतिक मूल्यों की धरोहर है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपने शिक्षकों से मिली शिक्षा को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिससे यह आयोजन और भी विशेष बन गया। अंत में छात्र प्रतिनिधि ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, प्रवक्ता और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज का यह शिक्षक दिवस समारोह न केवल उत्साह और उल्लास से भरा रहा, बल्कि यह गुरु-शिष्य संबंधों की गहराई और महत्व को भी पुन: स्थापित करने वाला क्षण साबित हुआ।
















