-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद बढ़ी भूमि मांग, 4856 करोड़ रुपये खर्च कर प्राधिकरण ने बनाई जमीन बैंक
-सीईओ आर.के. सिंह की प्राथमिकता बनी भूमि खरीद, मास्टर प्लान-2041 के तहत नए सेक्टरों को मिलेगा विस्तार
-फिनटेक सिटी और लॉजिस्टिक हब को मिलेगा नया पंख, किसानों को 3710 करोड़ मुआवजा वितरित
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने के बाद यमुना सिटी में भूमि की मांग तेजी से बढ़ी है। यही कारण है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यीडा ने पूर्व नियोजित सेक्टर समेत नई कंपनियों व विकास परियोजनाओं के लिए किसानों से 4856 करोड़ में 2700 एकड़ भूमि खरीदी है। इसे भूमि ने जहां पुराने सेक्टरों में उलझे विवादों के कारण रुकी परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता की बाधा दूर कर दी है, तो नई परियोजनाओं को रफ्तार दी है। जमीन खरीद को सीईओ आरके सिंह ने प्राथमिकता पर रखा हुआ है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) अफसरों ने बताया कि मास्टर प्लान 2041 के तहत नियोजित सेक्टरों को विकसित करने के लिए क्षेत्र में भूमि खरीद जारी है। अभी तक क्षेत्र में 52 सेक्टर विकसित किए जा चुके, जबकि 46 नई सेक्टरों को विकसित किया जाना है। इनमें सेक्टर-4, 5, 5ए, 8ए, 8डी, 8एफ, 11 आदि शामिल है। इन सेक्टरों के लिए क्षेत्र के किसानों से सीधे जमीन खरीदी जा रही है। प्राधिकरण ने चालू वित्त वर्ष में 4856 करोड़ से अधिक राशि से 2700 एकड़ जमीन क्रय की है। वहीं, जमीन खरीद में फंड की बाधा दूर करने के लिए मुख्यमंत्री औद्योगिक विस्तारीकरण योजना ने मिलने वाले ब्याज मुक्त ऋण का भी यीडा पूरा फायदा उठा रहा है। पहले इस योजना के तहत यीडा ने तीन हजार करोड़ रुपये ऋण लिया था। वित्त वर्ष समाप्त होने से पहले यीडा डेढ़ हजार करोड़ रुपये और ऋण ले चुका है।
3710 करोड़ 64.7 प्रतिशत मुआवजा दिया
यीडा ने अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक लगातार प्रतिमाह करीब 500 करोड़ रुपए भूमि खरीद पर खर्च किए हैं। चालू वित्तीय वर्ष के करीब 10 माह में यीडा 3710 करोड़ रुपए किसानों को 64.7 प्रतिशत के तौर पर बांट चुका। लगभग करीब 1177 करोड़ बैनामा व अधिग्रहीत की गई भूमि का भुगतान हुआ है। इस प्रकार यीडा ने चालू वित्तीय वर्ष में कुल 4856 करोड़ रुपए भूमि खरीद पर खर्च किए हैं।
फिनटेक, लॉजिस्टिक हब को पंख लगेंगे
यीडा का मकसद अब फिनटेक व लॉजिस्टिक हब को गति देना है। सेक्टर-11 में 750 एकड़ में फिनटेक प्रस्तावित है। इसके अलावा नोएडा एयरपोर्ट के आसपास लॉजिस्टिक व वेयरहाउस हब के लिए सेक्टर-8डी को विकसित किया जाना है। इसके अलावा आंतरिक सड़के और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए भी यीडा तेजी से भूमि खरीद रहा है। लगातार किसानों की सूची का प्रकाशन कर आपत्तियां मांगी जा रही है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ)
यमुना प्राधिकरण
यमुना क्षेत्र के किसान विकास चाहते हैं। चालू वित्तीय वर्ष में किसानों से 2700 एकड़ भूमि खरीदी गई है। उनकी समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
आरके सिंह, सीईओ यीडा
















