-गाजियाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध और सुरक्षा विषयों पर किया जागरूक
-भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा 2026 में सफलता पर छात्र तनुज पांचाल का सम्मान
-नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने ली जागरूकता की शपथ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गाजियाबाद पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को सामाजिक सुरक्षा, नशा मुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में हिंडन चौकी प्रभारी जय कुमार राठी एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, अवैध हथियारों की रोकथाम तथा साइबर अपराधों से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से सतर्क नागरिक बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई, जिससे समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। इसी अवसर पर महाविद्यालय में शैक्षणिक उपलब्धि का भी सम्मान किया गया।
एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र तनुज पांचाल को भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा 2026 में चतुर्थ स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। यह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से लाखों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। सम्मान समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर (डॉ.) निशा सिंह, शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. निशी त्यागी, बीसीए विभागाध्यक्ष दिनेश कुमार तथा चौकी प्रभारी जय कुमार राठी ने संयुक्त रूप से छात्र को सम्मानित किया। प्राचार्या डॉ. निशा सिंह ने कहा कि तनुज पांचाल की उपलब्धि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे। महाविद्यालय परिवार ने छात्र की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसे शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने जहां छात्रों को सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराया, वहीं शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी सम्मानित करने का सकारात्मक वातावरण तैयार किया।

















