प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम ने अभियान चलाकर जब्त की 11 किलो पॉलिथीन जब्त

-नगर निगम की कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधर रहे व्यापारी, सख्ती की तैयारी

गाजियाबाद। सिंगल यूज (एकल इस्तेमाल) प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बाद भी लोग इसका इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिसके लिए नगर निगम की टीम लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरुक करने के साथ बाजारों में कार्रवाई भी कर रही है। मगर प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बदस्तूर जारी है। इस स्थिति के लिए कहीं न कहीं व्यापारी भी जिम्मेदार हैं, क्योंकि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करना जैसे उनकी आदत में शुमार हो गया है। भले ही निगम इन पर जुर्माना लगाकर कार्रवाई करें, इस्तेमाल फिर भी करना ही है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने शनिवार को नगर निगम सभी जोन में अभियान के रूप में कार्यवाही करते हुए 11 किलो पॉलिथीन जब्त की। पॉलिथीन जब्त कर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाने के लिए न केवल विशेष टीम बनाई हुई है। बल्कि विशेष दिनों में विशेष कार्यवाही के लिए भी निर्देश दिए हुए हैं।

शहर में जन जागरूकता अभियान भी स्वच्छ भारत मिशन की टीम द्वारा चलाया गया। इसके चलते सोमवार व मंगलवार को मोहननगर जोन क्षेत्र, बुधवार को वसुंधरा जोन क्षेत्र, गुरूवार को कवि नगर जोन क्षेत्र, शुक्रवार को सिटी जोन और शनिवार को विजयनगर जोन क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा हैं। अभियान के तहत पॉलिथीन जब्त कर सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है।शनिवार को विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी एवं प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार, स्वास्थ्य विभाग की टीम व प्रवर्तन दल टीम के साथ अभियान चलाया। काफी हद तक प्रतिबंधित प्लास्टिक पर रोक भी लगी है। विजयनगर जोन के अंतर्गत बाजारों में पॉलिथीन जब्त की गई और जुर्माना भी लगाया गया।

विजय नगर में दुकानदारों के द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा रहा था। जिसको स्वास्थ्य एवं संबंधित टीम ने जाकर अभियान चलाया। जिसके क्रम में 11 किलो पॉलिथीन जब्त की और 31000 का जुर्माना किया गया। विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया सभी दुकानदारों पर निगम की नजर है। जो भी सिंगल यूज प्लास्टिक थोक या खुदरा बेचा करते हैं, उनके खिलाफ सबसे पहले कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि अगर सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री नहीं होगी तो लोग इस्तेमाल नहीं करेंगे। जिसके लिए लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरुक करने के साथ-साथ कार्रवाई भी की जा रही है।