नंदग्राम में चला निगम का बुलडोजर, 11 करोड़ की भूमि कब्जामुक्त कर जनहित योजनाओं के लिए खोला रास्ता

-नगर आयुक्त के निर्देश पर चला महा अभियान, आंतरिक वार्डों में तेज हुई कार्रवाई
-1400 वर्ग मीटर भूमि से हटाए अवैध कब्जे, सामुदायिक केंद्र निर्माण की तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा महा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम ने नंदग्राम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 11 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की निगम भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम की संपत्ति को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का अभियान शहरभर में चलाया जा रहा है। अब यह अभियान केवल मुख्य क्षेत्रों तक सीमित न रहकर आंतरिक वार्डों तक पहुंच चुका है। नगर निगम प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि सरकारी भूमि को मुक्त कर उसे जनहित कार्यों के लिए उपयोग में लाया जाए। नंदग्राम क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 और वार्ड संख्या 6 में लंबे समय से निगम की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद निगम ने निर्धारित तिथि तय करते हुए महा अभियान के रूप में कार्रवाई शुरू की।

निगम की संपत्ति विभाग टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान खसरा नंबर 228 की भूमि, जिसमें वार्ड संख्या 11 में लगभग 1200 वर्ग मीटर और वार्ड संख्या 6 में करीब 200 वर्ग मीटर भूमि शामिल थी, को कब्जामुक्त कराया गया। मौके पर अवैध रूप से किए गए ईंट निर्माण और अस्थायी ढांचों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिस बल सहित स्थानीय पुलिस की विशेष तैनाती रही, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकी। इस अभियान में संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर, सुरेंद्र कौशिक सहित निगम की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी निगम की कार्रवाई में सहयोग किया, जिसमें स्थानीय प्रतिनिधि संजय त्यागी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

वरिष्ठ संपत्ति प्रभारी एवं अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहरभर में चरणबद्ध तरीके से कब्जामुक्त अभियान चलाया जा रहा है। नंदग्राम में खाली कराई गई भूमि को अब जनहित के कार्यों के लिए विकसित किया जाएगा। निगम की योजना इस स्थान पर सामुदायिक केंद्र निर्माण की है, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्पष्ट किया कि निगम की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में अभियान लगातार जारी रहेगा और कब्जा मुक्त कराई गई भूमि का उपयोग जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन में किया जाएगा।

नगर निगम द्वारा हाल के समय में लगातार चलाए जा रहे अभियानों के कारण अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। निगम प्रशासन का मानना है कि सरकारी भूमि का संरक्षण और उसका सदुपयोग शहर के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। नंदग्राम में हुई यह कार्रवाई नगर निगम के महा अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर जल्द ही विकास कार्य शुरू होने की संभावना है, जिससे स्थानीय नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा। नगर निगम का यह अभियान आने वाले समय में शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और योजनाबद्ध स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।