एक राष्ट्र, एक चुनाव की मांग को गाजियाबाद से मिली नई रफ्तार

-मयंक गोयल के नेतृत्व में जागरूकता अभियान शुरू, सरदार एसपी सिंह बने अभियान समन्वयक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। देशभर में चुनाव प्रणाली में सुधार की दिशा में एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा को लेकर चल रहे अभियान को अब जनसमर्थन मिलने लगा है। इस मुहिम को गाजियाबाद में गति प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने जागरूकता अभियान की शुरुआत की और लोगों से इस ऐतिहासिक परिवर्तन का हिस्सा बनने का आह्वान किया। मयंक गोयल ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव न केवल देश के बहुमूल्य संसाधनों की बचत करेगा, बल्कि इससे शासन प्रणाली अधिक स्थिर, सुचारु और प्रभावी होगी। बार-बार होने वाले चुनावों के कारण जो प्रशासनिक बाधाएं और अनावश्यक व्यय सामने आते हैं, वे देश की विकास प्रक्रिया में अवरोध उत्पन्न करते हैं। एक साथ चुनाव होने से नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और दीर्घकालिक योजनाओं को अधिक मजबूती मिलेगी।

अभियान को सुव्यवस्थित और व्यापक जनसंपर्क से जोडऩे के लिए पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह को इस अभियान का समन्वयक नियुक्त किया गया है। वह गाजियाबाद के विभिन्न आरडब्ल्यूए, व्यापार मंडल, सामाजिक संस्थाएं, शिक्षण संस्थान और राजनीतिक संगठनों को अभियान से जोडऩे का कार्य करेंगे। सरदार एसपी सिंह ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा लोकतंत्र को और अधिक सशक्त तथा व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक आवश्यक कदम है। लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होने से न केवल खर्च में कमी आएगी, बल्कि विकास कार्यों में निरंतरता और स्थिरता भी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में युवाओं द्वारा पैदल यात्रा एवं विभिन्न संगठनों द्वारा इस मांग के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। गाजियाबाद में इस अभियान की शुरुआत को लेकर जनता में उत्साह है और यह आंदोलन अब जन-जन तक पहुंचने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक राष्ट्र, एक चुनाव की दिशा में यह पहल लोकतंत्र को मजबूती देने वाला और राष्ट्रहित में दूरगामी प्रभाव डालने वाला कदम साबित हो सकता है।