-देशभर से आए दंत चिकित्सा छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, विज्ञान, खेल और संस्कृति का अद्भुत संगम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ऑक्लूजन-2025 राष्ट्रीय दंत चिकित्सा छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन किया। यह कार्यक्रम कॉलेज के चेयरमैन डॉ. आर. पी. चड्ढा एवं वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में देशभर के 45 से अधिक दंत चिकित्सा महाविद्यालयों से आए 3500 से अधिक बी.डी.एस. और एम.डी.एस. छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बास्केटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो जैसी लोकप्रिय बाह्य खेल प्रतियोगिताएं सम्मिलित रहीं। पूरे परिसर में छात्र-छात्राओं का उत्साह, ऊर्जा और सहभागिता एक प्रेरणादायक वातावरण निर्मित कर रही थी। आईटीएस डेंटल कॉलेज द्वारा आयोजित यह आयोजन निश्चय ही शिक्षा और संस्कृति का अद्वितीय संगम बन गया।
वैज्ञानिक प्रस्तुतियों में छात्रों की सक्रिय भागीदारी
सम्मेलन में 200 से अधिक छात्रों ने वैज्ञानिक शोध पत्रों और पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शोध एवं विचार प्रस्तुत किए। यह मंच छात्रों को अपने अकादमिक कौशल को प्रदर्शित करने और नवीनतम चिकित्सा शोधों से अवगत होने का एक सशक्त माध्यम बना। कार्यक्रम के दौरान दंत चिकित्सा के विभिन्न नवीनतम विषयों पर प्रख्यात विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान भी प्रस्तुत किए गए। इन व्याख्यानों ने छात्रों को चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके ज्ञान को और अधिक समृद्ध किया।
संस्कृति और सहयोग की मिसाल
ऑक्लूजन-2025 न केवल एक शैक्षणिक आयोजन था, बल्कि यह छात्रों को देशभर से आए अपने समकक्षों से मिलने, समझने और आपसी सहयोग के अवसर उपलब्ध कराने वाला सांस्कृतिक मंच भी सिद्ध हुआ। विविध राज्यों से आए छात्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान ने इस सम्मेलन को और भी विशेष बना दिया।


















