उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी के इंडस्ट्रियल सेक्टर-28 में 21 फरवरी को प्रस्तावित सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) कार्यालय में यूनिट स्थापित करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
यमुना सिटी में HCL Technologies और Foxconn के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित की जा रही है। 21 फरवरी को इसकी आधारशिला रखी जाएगी। समारोह में नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। वहीं योगी आदित्यनाथ और अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को कंपनी के प्रतिनिधियों ने यीडा के सीईओ आरके सिंह के साथ लंबी चर्चा की। कार्यक्रम को भव्य बनाने और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इससे पहले गुरुवार को केंद्र सरकार की टीम ने भी समारोह स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इंडस्ट्रियल सेक्टर-28 में समारोह स्थल पर साफ-सफाई और जमीन समतलीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की जनसभा भी प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री द्वारा भी जनसभा को संबोधित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
















