कांवड़ यात्रा की व्यवस्था को लेकर महापौर ने अधिकारियों संग किया मंथन  

-कांवडिय़ों पर की जाए पुष्प वर्षा, यात्रा को सफल बनाना संकल्प: महापौर

गाजियाबाद। श्रावण शिवरात्रि पर्व को लेकर नगर निगम ने अब तैयारियां तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित अपने ऑफिस में महापौर सुनीता दयाल ने नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ व निगम अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक करते हुए कहा कि कांवडिय़ों पर पुष्प वर्षा की जाए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा को सफल बनाना हमारा संकल्प है। महापौर ने कहा कि साईं उपवन में कांवड़ शिविर का आयोजन 10 जुलाई से शुरू होगा। कांवडिय़ों पर यहां पर पुष्प वर्षा की जाएगी। महापौर ने नगर आयुक्त,अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, लेखाधिकारी डॉ. गीता कुमारी, सहायक अभियंता आश कुमार आदि अधिकारियों के साथ बैठक की। महापौर ने कांवड़ यात्रा को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए शहरवासियों से अपील की है।

कांवडिय़ों के लिए दूधेश्वर नाथ मंदिर में गंगाजल की व्यवस्था रहेगी। वहीं,मुख्य मार्गों पर बिजली ट्रांसफार्मर की बैरिकेटिंग की जाएगी। आगामी 15 जुलाई को श्रावण शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। बैठक में कहा कि भगवान शिव भक्तों द्वारा विभिन्न शिवालयों पर जलाभिषेक किया जाएगा। शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ मेले के लिए सेवा करने के लिए शहर में भंडारे का आयोजन करते हैं। इसमें नगर निगम भी अहम भूमिका निभाता हैं। महापौर ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर,मेरठ रोड,शंभू दयाल इंटर व डिग्री कॉलेज,घंंटाघर रामलीला मैदान आदि क्षेत्र में कांवडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम का कंट्रोल रूम मेरठ रोड तिराहे पर बनेगा। नगर निगम द्वारा इस बा शिवभक्तों के लिए गंगाजल की व्यवस्था की जाएगी। गंगाजल के 30 टैंकर एवं स्नान के लिए टोटी की व्यवस्था की जाएगी। 20 मोबाइल टॉयलेट एवं दिल्ली-मेरठ मार्ग समेत अन्य मुख्य मार्ग पर 3500 स्ट्रीट लाइट क्रियाशील रहेगी। डेकोरेटिव लाइट, 30 सीसीटीवी कैमरे, 3 वाच टावर निगरानी के लिए बनाए जाएंगे।

महिला एवं पुरुषों द्वारा मंदिर में जलाभिषेक के लिए अलग-अलग लाइन की बेरिकेड्स लगाई जाएगी। महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग की जाए। कांवड़ मार्ग स्थित लोहे के खंबों पर पन्नी लपेटने की व्यवस्था की जाए। नगर निगम सीमा क्षेत्र में सड़क पर बैरिकेट्स एवं लाइट,साफ-सफाई,चूने का छिड़काव, फॉगिंग कराने एवं कूड़ा उठाने के लिए छोटे वाहनों की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। कांवड़ मार्ग पर सड़क मरम्मत,पैच वर्क और यू-टर्न पर बैरिकेट्स, कांवड़ स्टैंड, कांवड़ मार्ग पर घास, झाडिय़ों आदि की कटाई कराई जाए।