महापौर ने कई वार्डों में 13 करोड़ के निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास

-जनहित में विकास कार्य करना हमारा कर्तव्य: सुनीता दयाल
-व्हाइट टॉपिंग टेक्नोलॉजी के माध्यम से पहली बार नगर निगम बनाएगा नई सड़क

उदय भूमि
गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि जनहित में विकास कार्य कराना हमारा कर्तव्य है। शुक्रवार को महापौर सुनीता दयाल ने 15वें वित्त आयोग के फंड से कराए जाने वाले कई वार्डों में लगभग 13 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। नगर निगम व्हाइट टॉपिंग टेक्नोलॉजी के माध्यम से पहली बार नई सड़कों का निर्माण कराएगा। इन वार्डों में यह विकास कार्य होने से लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। महापौर का शिलान्यास के दौरान वार्ड क्षेत्र के लोगों ने भव्य स्वागत कर धन्यवाद प्रकट किया। महापौर ने वार्ड-64 एयरफोर्स स्टेशन की बाउंड्रीवाल से सिकंदरपुर गांव होते हुए सिविल टर्मिनल रोड से वजीराबाद रोड तक आरसीसी के नाला निर्माण कार्य, लागत लगभग 6 करोड़ रुपए है। इसका शिलान्यास किया। वहीं, वार्ड-73 शालीमार गार्डन में गणेशपुरी पुलिया से सूर्योदय पब्लिक स्कूल तक नाले की साइट आरसीसी रिटर्निंग वॉल का निर्माण, लागत लगभग 2.50 करोड़ रुपए हैं। वार्ड-15 विजय नगर में डीएवी चौक से मेडिकल तिराहे तक एवं डीए वी चौक से बाबा आंबेडकर पार्क बड़े नाले तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य, लागत लगभग 84 लाख है।

वार्ड-28 मोहन नगर राजीव कॉलोनी में मोहन नगर मंदिर के सामने क्षतिग्रस्त नाले एवं मोहननगर चौराहे पर अग्रवाल स्वीट्स से कटोरी मिल शौचालय तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य,लागत लगभग 1.50 करोड़ रुपए है। पाईप लाईन रोड तक आरसीसी सड़क निर्माण कार्य,लागत लगभग 2.50 करोड़ रुपए है। यह आरसीसी सड़क को नई टेक्नोलॉजी व्हाइट टॉपिंग के माध्यम से बनाया जाएगा। जिसमें वेस्ट प्लास्टिक का प्रयोग किया जाएगा। इस आरसीसी की सड़क की उम्र लगभग 20 वर्ष तक होगी। महापौर ने बताया कि उक्त सभी वार्डों में सड़कों व नालों के निर्माण कार्य की बहुत आवश्यकता थी। गणेशपुरी में तो खुला नाला कॉलोनी के बीच से निकलकर जाता है। जिससे किसी की जान भी जा सकती थी। ऐसे ही जीडीए की चार लेन की सड़क को लेकर गांववासी बहुत समय से गुहार लगा रहे थे। इस मार्ग से नगर निगम की कूड़ा गाडिय़ों भी जाती है।

इस सड़क का भी व्हाइट टेपिंग टेक्नोलॉजी के माध्यम से बनाई जाएगी। सिविल टर्मिनल सिकंदरपुर गांव पर जलभराव की स्थिति होती थी। गांव में जलभराव होता था। यहां पर नाले का निर्माण होने से एयरपोर्ट एवं गांव सिकंदरपुर को भी सहूलियत मिलेगी। इस प्रकार से शहर के सभी वार्डों में धीरे धीरे एक समान विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शिलान्यास के दौरान पार्षद पूनम सिंह, पार्षद राजीव भाटी, पार्षद सुधीर कुमार,भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष भूषण सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष हेमराज माहौर, पूर्व पार्षद तेजपाल राणा, पूर्वांचल समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह, आरके आर्या, गुरुदास पाल, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रायराम, दिनेश मित्तल, सुरेश तिवारी, केपी जादौन, राजेन्द्र सिंह एवं नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।