-नवीन थाने में शामिल हैं मिशन शक्ति कक्ष, विवेचक कक्ष, प्रभारी निरीक्षक कक्ष, सामान्य डायल रूम, सूचना प्रबंधन कक्ष, साइबर कक्ष, सीसीटीवी कक्ष और भोजनालय
-थाने का आधुनिकीकरण पुलिस कर्मियों के लिए सुविधा और जनता के लिए विश्वास का प्रतीक बनेगा
-जन संवाद के दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया कि नवाचार और तकनीकी सुधार से पुलिसिंग अधिक प्रभावी, संवेदनशील और नागरिक हितैषी होगी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने रविवार को थाना साहिबाबाद का भव्य नवीनीकरण और उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड ने फीता काटकर नविनीकृत थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, मिशन शक्ति कक्ष, विवेचक कक्ष, प्रभारी निरीक्षक कक्ष, सामान्य डायल रूम, सूचना प्रबंधन कक्ष, साइबर कक्ष, सीसीटीवी कक्ष और भोजनालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं यातायात) आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन जोन निमिष पाटील, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण जोन सुरेन्द्र नाथ तिवारी, पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन, समस्त अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड ने कहा कि गाजियाबाद पुलिस जनता को सुरक्षित, पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि पुलिस थानों का जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना था कि थाने केवल कानून व्यवस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान करने का पहला संपर्क बिंदु भी हैं। आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत थाने न केवल पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाएंगे, बल्कि जनता के लिए सुविधाजनक और भरोसेमंद भी होंगे। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक थाने में बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सके और त्वरित न्याय प्राप्त कर सके। थाना साहिबाबाद के नवीनीकरण में आधुनिक थाना कार्यालय कक्ष, डिजिटलीकृत कार्यप्रणाली, महिला सहायता कक्ष, प्रतीक्षा क्षेत्र, महिला शौचालय और अन्य नागरिक हितैषी व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं। इसके अलावा साइबर कक्ष, सीसीटीवी कक्ष, सूचना प्रबंधन कक्ष और मिशन शक्ति कक्ष को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी ने कहा कि यह नवाचार केवल भौतिक संरचना तक सीमित नहीं है। इससे पुलिस कर्मियों का कार्य वातावरण सुधरेगा और जनता को त्वरित, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवा मिलेगी। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करेगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि नविनीकृत थाने से कानून-व्यवस्था को और प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा। पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन जोन निमिष पाटील ने कहा कि संचालन और प्रशासन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए इस नवीनीकरण में सभी आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं को शामिल किया गया है। इससे पुलिस कर्मियों को कार्य करने में आसानी होगी और जनता को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण जोन सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि इस पहल से न केवल पुलिसिंग में मजबूती आएगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच समन्वय और विश्वास भी मजबूत होगा। पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने बताया कि थाने का आधुनिकीकरण पुलिस कर्मियों के कार्यक्षेत्र को सशक्त करेगा। इससे पुलिस बल अधिक दक्षता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेगा। नए थाने से आमजन के लिए सुविधाएं और भी सुलभ और भरोसेमंद होंगी। पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि नवाचार और तकनीकी उन्नति से अपराध निगरानी, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और मीडिया बन्धुओं के साथ जन संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि नवाचार और आधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित थाने सुरक्षा, सुविधा और त्वरित न्याय तक नागरिकों की पहुंच सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और पारदर्शिता मजबूत होगी। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद लगातार पुलिस बल के सशक्तिकरण और जनसेवा की दिशा में कार्य कर रहा है। थाना साहिबाबाद का यह नवीनीकरण पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोपयोगी बनाएगा। साथ ही यह जनता के लिए सुरक्षा और विश्वास का केंद्र बनेगा।
















