• जनसुनवाई में बढ़ रही है आमजन की सहभागिता, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश – शिकायतों का होगा सौ फीसदी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने प्रतिदिन की भाँति शुक्रवार को जनसुनवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में प्रार्थी अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। जनसुनवाई में इस बार भी भीड़ पहले से अधिक रही, जिससे यह स्पष्ट झलकता है कि जनता को अब प्रशासन से संवाद और समाधान की उम्मीदें बढ़ी हैं। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस विभाग, जीडीए, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र व शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थियों की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि हर प्रार्थी की समस्या का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को औपचारिकता में न निपटाएँ, बल्कि उसे जड़ से समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाएँ।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनका निरीक्षण स्थल पर जाकर किया जाए और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य बनाया जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता का विश्वास तभी कायम रहेगा, जब समस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से होगा। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक प्रार्थी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर तत्काल वार्ता कर समाधान के निर्देश दिए। जमीन से संबंधित विवादों के निस्तारण हेतु उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर जाकर जांच और समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता की हर समस्या का समाधान पारदर्शी, त्वरित और संतोषजनक तरीके से किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए वे स्वयं जनता दर्शन में उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दें। साथ ही उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज कराने से पहले संबंधित विभागीय अधिकारी को अवश्य अवगत कराएँ, जिससे समस्या का समाधान जल्द संभव हो सके। डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ की सक्रियता और पारदर्शी प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह स्पष्ट है कि गाजियाबाद प्रशासन जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उनकी जनसुनवाई व्यवस्था जनता के लिए एक प्रभावी मंच बनती जा रही है, जहाँ न केवल समस्याएँ सुनी जा रही हैं, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान भी सुनिश्चित कराया जा रहा है। जनसुनवाई के दौरान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय तथा आईएएस अयान जैन (ट्रेनी) भी उपस्थित रहे।
















